प्रिंटर की मदद से घर में ही छाप रहे थे दो युवक नकली नोट, गिरफ्तार

दिल्ली। जगतपुरी इलाके में दो युवकों ने प्रयोग के तौर पर कंप्यूटर और प्रिंटर की मदद से नकली नोट छापने की कोशिश की। दोनों कामयाब हो गए और इन्होंने नोट छापकर बाजार में चलाना भी शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आर. सत्यसुंदरम ने बताया कि जगतपुरी थाने की टीम एरिया में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उनको एक लड़का इलाके में संदिग्ध हालत में घूमता हुआ दिखा। जांच करने पर पता चला कि आरोपी नकली नोट को छापकर उसका धंधा कर रहा है।पुलिस ने आरोपी राहुल शर्मा को दबोच कर उसके पास से एक 100 का नोट और 200 का आधा छपा एक नोट बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान राहुल ने बताया कि वह अपने दोस्त प्रहलाद कपूर के साथ मिलकर उसके घर पर प्रिंटर और कंप्यूटर की मदद से नकली नोट छापे रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक 500, एक 200 का आधा छपा हुआ नोट, दो 100, दो 200, एक पुराना हजार का नोट 41 सौ के नोट आधे छपे हुए और एक प्रिंटर व उसकी स्याही बरामद की है।

पुलिस ने राहुल की निशानदेही पर रविवार को ही प्रहलाद के साउथ अनारकली, जगतपुरी स्थित मकान पर छापेमारी की। इसके बाद पुलिस ने उसके घर से प्रिंटर व नकली नोट बरामद किए। पुलिस ने प्रहलाद को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर उनकी एक दिन की रिमांड ली। पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल ने बताया कि उसने डिप्लोमा इंजीनियरिंग बीच में ही छोड़ दिया था।

पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल ने पुलिस को बताया कि वह फिलहाल घर से ही खाना सप्लाई करने वाली चेन के लिए खाना दे रहा है। परिवार की मदद से घर में ही रसोई चला रहा था। आरोपी प्रह्लाद ने बताया कि उसने स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग से बीकॉम किया है। वह फिलहाल अपना रेस्टोरेंट चलाता है। उसके पिता बीएएमएस डॉक्टर हैं, जो दिल्ली में ही क्लिनिक चलाते हैं। प्रह्लाद पर पहले से शराब तस्करी और रेप का आरोप है।

Exit mobile version