जेएनयू को मिली पहली महिला वाइस चांसलर

नई दिल्ली। देश के जानेमाने विश्वविद्यालय जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी को पहली महिला कुलपति मिल गई हैं। प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपूडी पंडित को जेएनयू का नया कुलपति नियुक्त किया गया है।

सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय की प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपुडी पंडित को जेएनयू की नई कुलपति नियुक्त किया गया है। जेएनयू के विजिटर और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित की बतौर जेएनयू कुलपति नियुक्ति आदेश जारी किए थे। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के वीसी के रूप में प्राेफेसर पंडित का कार्यकाल पांच साल की अवधि का होगा।

प्रोफेसर शांतिश्री का जन्म रूस के सेंट पीट्सबर्ग में 15 जुलाई 1962 को हुआ था। उनके पिता सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी हैं। वह लेखकर और पत्रकार भी रहे हैं। वहीं शांतिश्री की मां तमिल और तेलुगू भाषा की प्रोफेसर थीं। प्रोफेसर पंडित ने जेएनयू से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एमफिल और भारतीय संसद एवं विदेश नीति पर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने अमेरिका की नामचीन कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी से सोशल वर्क में डिप्लोमा भी किया है। इसके अलावा इतिहास और सामाजिक मनोविज्ञान में बीए और एमए राजनीति विज्ञान प्रेसीडेंसी कॉलेज, मद्रास से किया है, यहां पर गोल्ड मेडलिस्ट भी रहीं।

प्रोफेसर पंडित ने 1988 में गोवा विश्वविद्यालय से अपने अकादमिक शिक्षण करियर की शुरुआत की और इसके बाद 1993 में वे पुणे विश्वविद्यालय चली गईं। उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक निकायों में प्रशासनिक पदों पर कार्य किया है। वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी), भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर) की सदस्य भी रही हैं। बता दें कि जगदीश कुमार जेएनयू के पिछले पांच साल से वीसी थे, पिछले साल ही उनका कार्यकाल खत्म हो गया था। उन्हें यूजीसी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

Exit mobile version