यूपी में निकाह में बजा डीजे तो भड़क गया काजी, 25 हजार लगाया जुर्माना

झाँसी। यूपी के झांसी में डीजेकी वजह से एक काजी ने निकाह पढ़ने से मना कर दिया। वर-वधु पक्ष ने काजियों की काफी मान-मनौव्वल की तो उन्होंने उनपर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और तब जाकर निकाह पढ़ाने के लिए तैयार हुए।

जानकारी के मुताबिक, पुलिया नंबर नौ स्थित एक परिवार में गुरसराय से बारात आई थी।इसके लिए वधु पक्ष ने खाली पड़े मैदान को विवाह घर में तब्दील कर दिया था। बारात आने से पहले ही लड़की पक्ष ने काजी को भी बुला लिया था। वे सभी बारातियों के स्वागत में बाहर खड़े थे, तभी वे देखते हैं कि बारात में शामिल लोग डीजे की धुन पर नाचते हुए आ रहे हैं।

शुरूआती रस्म अदा करने के बाद जब निकाह का वक्त हुआ, तब काजी ने रोक के बावजूद बारात में डीजे बजाने को लेकर निकाह पढ़ाने से मना कर दिया। इससे दोनों पक्षों में खलबली मच गई। यह खबर सुनते ही इलाके के इमाम कारी सुलेमान, कारी सलीम, हाफिज रिजवान व हाफिज अताउल्ला सहित कई इमामों ने मौके पर काजी का समर्थन किया।

काजियों को मनाने के लिए बराती और घराती पक्ष के लोग जुट गए। लाख कोशिशों के बाद भी काजी निकाह पढ़ाने के लिए राजी नहीं हुए वधू-पक्ष के लोगों ने अल्लाह से तौबा कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। वहीं काजियों ने भी 25 हजार रुपये का जुर्माना भरने का आदेश दिया।

शादी घर में लगभग चार घंटे के बाद निकाह की रस्म को पूरा किया जा सका। लड़की के चाचा ने बताया कि पूर्व में ही लड़के पक्ष के लोगों को शरीयत के तरीके से बरात लाने का आग्रह किया गया था। लेकिन बराती डीजे लेकर पहुंचे जिस पर काजी ने निकाह पढ़ाने से इंकार कर दिया था।

Exit mobile version