वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन, पत्नी की हुई थी कोरोना से मौत

नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया है। 67 की उम्र में उन्होंने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में आखिरी सांस ली है। दुआ को इस साल की शुरुआत में कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनकी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।

दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों के लिए सेवाएं दे चुके विनोद दुआ हिंदी पत्रकारिता के जाने-माने चेहरे थे। उनके निधन पर बेटी मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम पर लिखा, हमारे निर्भीक और असाधारण पिता विनोद दुआ का निधन हो गया है। उन्होंने शानदार जिंदगी को जिया, दिल्ली की एक शरणार्थी कॉलोनी में पले-बढ़े और 42 साल तक पत्रकारिता की दुनिया में नाम कमाया, वह हमेशा सच की आवाज उठाते रहे। अब वह हमारी मां के साथ हैं, उनकी पत्नी चिन्ना स्वर्ग में हैं जहां वे गाएंगे, खाना बनाएंगे और एक साथ यात्रा करेंगे। उनका अंतिम संस्कार कल (15.12.21) लोधी श्मशान घाट में होगा।

दुआ की पत्नी का इसी साल जून में कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया था। दुआ भी कोरोना से लड़े थे और इसके बाद से उनका शरीर लगातार कमजोर होता गया। दुआ को लीवर में संक्रमण के कारण कुछ दिनों पहले परमानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले 5 दिनों से वह अपोलो अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे।

मल्लिका ने दी थी तबियत बिगड़ने की जानकारी 
कुछ दिनों पहले तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने विनोद दुआ की हालत गंभीर होने की जानकारी दी थी। मल्लिका ने अपने इंटाग्राम पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा था कि उनके पिता की हालत गंभीर है, उनके लिए दुआ करें कि उन्हें कम से कम तकलीफ हो।

Exit mobile version