कांग्रेस में शामिल हुए नामी गायक सिद्धू मूसेवाला

चंडीगढ़। अक्सर अपने गीतों की वजह से विवादों में रहने वाले पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। अमरिंदर सरकार में मूसेवाला पर आर्म्स एक्ट में केस दर्ज हुआ था।

चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में शुक्रवार को सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिद्धू और परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू ने मूसेवाला को एक युवा आइकन और एक “अंतरराष्ट्रीय शख्सियत” के रूप में वर्णित किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला हमारे परिवार में शामिल हो रहे हैं। मैं कांग्रेस में उनका स्वागत करता हूं।

वहीं, पार्टी में सिंगर सिद्धू का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मूसेवाला अपनी कड़ी मेहनत से एक बड़े कलाकार बने और अपने गीतों से लाखों लोगों का दिल जीता।

सिद्धू मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू है, मनसा जिले के मूसा गांव के रहने वाले हैं और उनकी मां एक गांव की मुखिया हैं। गायक को पहले अपने गीतों में हिंसा और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था। उनके गीत ‘बाई बाई’ में मुर्गे की लड़ाई के साथ-साथ हथियारों का प्रदर्शन कर हिंसा को बढ़ावा देने के कारण उनके खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत दी गई थी। वहीं मूसेवाला के गीत ‘संजू’ में हथियारों के इस्तेमाल का महिमामंडन किया गया था। इस गाने में मूसेवाला ने खुद को संजय दत्त के मुकाबले का बताया था। इससे पहले वे एक गीत में माई भागो के संबंध में टिप्पणी करने के बाद विवादों में घिर गए थे।

मूसेवाला के खिलाफ पिछले साल पंजाब पुलिस ने अपने एक गाने में हिंसा और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने के आरोप में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इससे पहले, कोविड -19 महामारी के दौरान फायरिंग रेंज में एके-47 राइफल से फायरिंग करते हुए उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें एक अन्य मामले में बुक किया गया था।

Exit mobile version