यमुनानगर में कबाड़ के गोदाम में लगी आग, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले में कबाड़ के गोदाम में भयंकर आग लग गयी। इस आग में चार लोगों की झुलसने से मौत हुई है। बताया जा रहा है कि यह आग शॉट सर्किट की वजह से लगी थी। मौके पर राहत का काम जारी है।

सिटी सेंटर रोड निवासी नवीन का कबाड़ी का गोदाम है। करीब 40 साल से यह गोदाम बना हुआ है। इस गोदाम के ऊपर ही उन्होंने लेबर के लिए क्वार्टर बनाए हुए हैं। 22 क्वार्टर गोदाम की छत पर बने हैं। जिनमें अलग-अलग जगह से आए लेबर अपने परिवार के साथ रहते हैं। बुधवार की रात करीब दो बजे आग लग गई। आग की लपटें पहली मंजिल पर बने कमरों तक पहुंच गईं। लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी उठ गए।

आग लगने का पता लगते ही शहर यमुनानगर थाना पुलिस व दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। अन्य क्वार्टरों में रह रहे लोगों को दीवार तोड़कर व छतों के रास्ते निकाला गया क्योंकि आग फैलकर नीचे गोदाम तक पहुंच चुकी थी। ऐसे में दीवार को तोड़कर 17 और लोगों को बाहर निकाला गया।

दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने कई घंटों के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में 37 वर्षीय नियामुद्​दीन, उसकी 12 वर्षीय बेटी फिजा, बेटा आठ वर्षीय चांद, तीन वर्षीय रेहान शामिल हैं। जबकि नियामुद्​दीन की पत्नी नसीमा बुरी तरह से झुलस गई। उसे सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

दमकल विभाग के अधिकारी और पुलिस अभी भी मामले की जांच में जुटी हुई है। प्राथमिक जांच में दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग शार्ट सर्किट से लगी होगी। कबाड़ी की दुकान में भारी मात्रा में सामान भरा हुआ था। जिसमें टायर व प्लास्टिक का सामान था। इस कारण आग ने भीषण रूप ले लिया।

आपका साथ– इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version