आगरा। अंतर्राष्ट्रीय रेसलर बबीता फोगाट ने ताजनगरी आगरा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा व समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। बबीता फोगाट ने प्रियंका गांधी वाड्रा के नारे ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ पर निशाना साधते हुए कहा, ’50 साल की उम्र में आकर उन्हें पता चला है कि वह लड़की हैं और लड़ सकती हैं।’ यह बात सुनकर हंसी आती है।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु द्विवेदी और बबिता फोगाट मंगलवार को आगरा के जीपी सभागार में भारतीय जनता युवा मोर्चा के युवोत्थान कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। पहलवान बबीता फोगाट ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को और सम्मान दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में भी योगी आदित्यनाथ ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दिया है। जिससे खिलाड़ी उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे हैं और दुनिया में देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह हंसने वाली बात है कि प्रियंका गांधी को 50 साल की उम्र में पता चला कि वो लड़की हैं। अगर आपको लड़की की बात करनी है तो बीजेपी की स्मृति दीदी को देख लीजिए, जिन्होंने प्रियंका जी के भाई को उनके ही क्षेत्र में पछाड़ दिया।
उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून वापस लेने के बाद भी जो किसान नेता आंदोलन पर अड़े हैं उनके गुप्त एजेंडे हैं। सरकार किसानों के साथ है। किसान जो चाहते थे, वह सरकार ने कर दिया, लेकिन अब किसान नेता अपनी राजनीति चमका रहे हैं। कहा कि किसानों के हित से ऐसे लोगों को कोई मतलब नहीं होता है। ऐसे लोग सर्फ चेहरा चमकाते हैं।
कानून व्यवस्था को लेकर सुधांशु त्रिवेदी ने बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार में माफियाओं की 1,886 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त हुई है, किसी सरकार में अगर एक करोड़ रुपए की भी संपत्ति जब्त हुई हो तो वो बता दें। उन्होंने बताया कि मायावती कि सरकार में नारा लगा था ‘चढ़ गुंडन की छाती पर मोहर लगाओ हाथी पर’ यह नारा बुआ (मायावती) ने बबुआ (अखिलेश यादव) के लिए लगाया था।
आपका साथ– इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।
Discussion about this post