भंवरी कांड के मुख्य आरोपी और पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का कैंसर से निधन

जोधपुर। राजस्थान में पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा का रविवार सुबह निधन हो गया। 69 वर्षीय मदेरणा कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। महिपाल मदेरणा का नाम जोधपुर जिले की एएनएम भंवरी देवी के किडनैपिंग और मर्डर केस में सुर्खियों में आया था। उस वक्त मदेरणा राजस्थान के जल-संसाधन मंत्री थे। बाद में इसी केस के चलते उन्हें अपने पद से हाथ धोना पड़ा था। भंवरी देवी केस में मदेरणा को दस साल की जेल भुगतनी पड़ी थी। कुछ वक्त पहले ही उन्हें हाईकोर्ट से जमानत मिली थी।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा पिछले काफी समय से मुंह के कैंसर से जूझ रहे थे और बाद में उन्हें कोरोना भी हो गया था। कोरोना से वे काफी ठीक भी हो गए थे, लेकिन कैंसर व कोरोना का असर उन पर अभी तक बना हुआ था और वे नियमित रूप से कीमोथेरेपी लेने के साथ ही कोरोना से उबरने में भी लगे हुए थे। मदेरणा का शव सुबह 10 बजे उनके पैतृक गांव चाडी लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार होगा।

महिपाल मदेरणा का जन्म दिग्गज कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्वर्गीय परसराम मदेरणा के घर 5 मार्च 1952 को जोधपुर जिले के लक्ष्मण नगर चाडी गांव में हुआ था। उन्होंने जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर से B.A.LLB. तक की पढ़ाई की है। वह दो भाई हैं और उनके उनके पिता स्वर्गीय परसराम मदेरणा एवं बड़े भाई अशोक का पूर्व में निधन हो चुका है। उनकी पत्नी लीला मदेरणा वर्तमान में हाल के पंचायत चुनावों में जोधपुर की जिला प्रमुख बनी हैं। उनकी दो बेटियां हैं। एक बेटी दिव्या ओसियां से विधायक हैं। इसी सीट से महिपाल मदेरणा भी दो बार विधायक रह चुके हैं, इससे पहले वे 19 साल तक जोधपुर से जिला प्रमुख रह चुके थे।

भंवरी देवी कांड के मुख्य आरोपी
महिपाल मदेरणा चर्चित भंवरी देवी कांड के मुख्य आरोपी थी। राजस्थान में जल संसाधन मंत्री रहने के दौरान एएनएम भंवरी देवी के अपहरण व हत्या मामले में आरोपी थी और उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था। इस मामले में वे दस साल तक जेल में रहे और हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिली थी। महिलाल मदेरणा को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का धुर विरोधी भी माना जाता था।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य नेताओं ने मदेरणा के निधन पर शोक जताया है। गहलोत ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे महिपाल मदेरणा के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवारजनों को यह आघात सहने की शक्ति दें तथा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

आपका साथ– इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version