श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, 11 लोगों की मौत

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी ज‍िले में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां ट्रैक्टर ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 7 मह‍िलाएं समेत चार बच्‍चों की जान गई है। हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। ट्रॉली पर सवार सभी लोग एमपी के दतिया जिले से जवारा लेकर छिरौना धार्मिक स्थल आ रहे थे। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही जिला प्रशासन को घायलों के उपचार के पूरे प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।

झांसी के थाना चिरगांव क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर 25-30 लोग ग्राम छिरौना माता के मंदिर पर जवारे चढ़ाने जा रहे थे। शाम करीब चार बजे जैसे ही चालक ट्रैक्टर लेकर छिरौना मोड़ पहुंचा, तभी सामने अचानक एक जानवर आ गया। चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर ट्रॉली समेत सड़क किनारे खाई में पलट गया। खाई में पानी भरा होने से सभी लोग डूब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के गांव वाले मदद को दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई।

चिरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक भीमसेन पोनिया ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर ही 11 लोगों की सांसे थम चुकी थीं। वहीं, आधा दर्जन घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक खाई में पानी भरा होने से महिलाएं औऱ बच्चे उसमें डूब गए। प्रथम दृष्ट्या लगता है कि पानी में दम घुटने से सभी 11 लोगों की मौत हो गई है। इनमें पुष्पा (35) पत्नी जानकी, राजो (45) पत्नी कैलाश, प्रेमवती (41) पत्नी जसवंत, कुसुम (42) पत्नी मनीराम, सुनीता (35) पत्नी रवीन्द्र, पूजा (28) पत्नी अनिल, मुन्नी (47) पत्नी मोतीलाल और चार मासूम हैं। सभी मासूमों की उम्र डेढ़ से तीन साल के बीच में है। मृतकों के पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों सुपुर्द कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी जिले के चिरगांव थाना के पास हुए भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के उपचार के पूरे प्रबन्ध करने के निर्देश दिए हैं।

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version