गाजियाबाद। डासना इलाके में प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा खाली करवाया। इस जमीन का बाजार मूल्य करीब 100 करोड़ रूपए है। 34 बीघा जमीन को खाली कराने में सरकारी अमले के पसीने छूट गए। लोगों ने जमकर विरोध किया। लोगों ने आगजनी और पथराव भी किया।
मसूरी थाने के डासना में उस्मान कॉलोनी के सामने कब्रिस्तान है। पहले इक्का-दुक्का परिवार ही यहां रहता था। वर्तमान में यहां करीब 5 सौ लोग रह रहे थे। यह सभी लोग बंदरों व लंगूरों को करतब दिखाकर गुजारा करने वाले थे। लेकिन इस जगह पर कई तरह के अवैध धंधों के बारे में सूचनाएं भी मिलती रहती थीं। जिसमें नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर मामले भी शामिल थे। इसके अलावा यह लोग अन्य कई आपराधिक गतिविधियों में भी सलंप्ति बताए जाते है।
यह जमीन पठानों और कुरैशी बिरादरी के लोगों के शव दफनाने के लिए आरक्षित है। बिरादरी के लोगों ने नगर प्रशासन से शिकायत की थी कि कब्रिस्तान पर अवैध कब्जे से उन्हें शव दफनाने की जगह नहीं मिल रही है। शिकायत के बाद डीएम ने अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने तीन दिन पूर्व मुनादी कराकर जमीन खाली करने के निर्देश दिए। सोमवार को मौके पर प्रशासन की ओर से एसडीएम सदर डीपी सिंह और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनोज मिश्र मौके पर प्रवर्तन दस्ते के साथ पहुंचे। कब्रिस्तान पर अवैध कब्जा जमाए लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
लोगों ने अपने ही चार घरों में आग लगा दी। गैस सिलिंडर का रेग्युलेटर हटा कर उसमें आग लगाकर टीम पर फेंक दिया। हालात की नजाकत देखकर पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने स्थिति पर काबू पा लिया और जमीन को कब्जा मुक्त कराने में सफल रहे। जब मकानों को ध्वस्त करने के लिए खाली कराया जाने लगा तो कई घरों से टीवी व फ्रिज जैसे सामान निकले। इसके अलावा कुछ घरों से शराब व बीयर की बोतलें भी बरामद हुईं।
नगर पंचायत डासना के अधिशासी अधिकारी मनोज मिश्रा ने बताया कि कब्रिस्तान के चारों ओर दीवार पहले से ही मौजूद है। मगर यह दीवार काफी कमजोर है। इसे ऊंचा और मजबूत बनाया जाएगा। इसके अलावा कब्रिस्तान में पेड़ भी लगाए जाएंगे। ताकि दोबारा से जमीन पर कब्जा ना हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि यहां विस्थापित किए गए लोगों को यदि संभव हो सका तो सरकारी योजना के तहत पक्के मकान दिलाए जाएंगे।
आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें। हमसे ट्विटर पर जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए।