नई दिल्ली, एजेंसी। देश में दक्षिण पश्चिमी मानसून इस समय थोड़ा सुस्‍त पड़ गया है। इसके चलते उत्‍तर प्रदेश और दिल्‍ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश की जगह तेज धूप और गर्मी हो रही है। मौसम गर्म होने से लोगों की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि कुछ राज्‍यों में मंगलवार को मौसम गर्म रहेगा। तेज धूप के कारण गर्मी में इजाफा होगा। हालांकि कुछ राज्‍यों में बारिश हो सकती है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम लगभग शुष्क व गर्म रहने वाला है। स्काईमेट वेदर रिपोर्ट की मानें तो बिहार के अररिया, सुपौल, भागलपुर, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया के अलावा पश्चिम बंगाल समेत पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश गतिविधियां जारी रहेंगी। जबकि, झारखंड में बारिश मानसून पहुंच जरूर चुका है लेकिन सुस्त नजर आ रहा है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मौजूदा मौसमी परिस्थितियां, बड़े पैमाने की वायुमंडलीय विशेषताएं और अनुमानित हवा के क्रम को देखते हुए कहा जा सकता है कि राजस्थान, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के शेष हिस्सों तथा पंजाब में अगले चार- पांच दिनों में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए कोई अनुकूल परिस्थितियां बनने के आसार नहीं हैं।

इन राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 29 जून को असम, मेघालय, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होगी। पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम और पश्चिम मध्य अरब सागर के ऊपर तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से) चलने की संभावना है। मछुआरों को अलर्ट किया गया है।

दिल्ली में लोग उमस वाली गर्मी से बेहाल, जानें कब होगी बारिश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लोग उमस वाली गर्मी से बेहाल हैं। राजधानी में बीते कई दिन से अधिकतम तापमान 40 डिग्री पहुंच रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल 3 तीन दिल्लीवालों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। जबकि वीकेंड यानी 2-3 जुलाई को हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में इस वीकेंड गर्मी से मामूली राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ और दिनों तक मानसून के आने की कोई खबर नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तो गर्मी अभी बढ़ेगी और अधिकतम तापमान अगले 24 घंटे में 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।

जानें- कल कैसा रहेगा देशभर का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 30 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गंगीय पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, तमिलनाडु औऱ पुडुचेरी में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम और पश्चिम मध्य अरब सागर, उत्तरी अरब सागर और गुजरात तट के साथ और बाहर तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से) चलने की संभावना है। मछुआरों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। साभार-दैनिक जागरण

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।