कोरोना देश में:बीते दिन 1.65 लाख नए केस, 3463 लोगों की मौत; 2.64 लाख ठीक भी हुए, पिछले 10 दिनों में 27.40 लाख लोगों ने संक्रमण को हराया

पढ़िए  दैनिक भास्कर की ये खबर…

देश में कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। बीते दिन यहां एक लाख 65 हजार 144 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यह आंकड़ा बीते 47 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 12 अप्रैल को एक लाख 60 हजार 854 केस आए थे।

हालांकि मौत का बढ़ता आंकड़ा अब भी चिंता का सबब बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में 3,463 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हुई। राहत की बात यह रही कि इस दौरान 2 लाख 64 हजार 342 लोगों ने कोरोना को मात भी दी।

मौत के बढ़ते आंकड़ों के बीच बढ़ती रिकवरी ने लोगों की उम्मीद बांध रखी है। बीते कई दिनों से देश में औसतन 2 लाख लोग रोजाना कोरोना से रिकवर हो रहे हैं। पिछले 10 दिन की बात करें, तो देश में 27.40 लाख लोगों ने कोरोना को मात दी। इसी वजह से एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या लगातार घट रही है।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.65 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.64 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,463
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.78 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.54 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.25 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 21.09 लाख

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

अपडेट्स

  • नागपुर की नेशनल इनवायरनमेंट इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (NEERI) ने कोरोना टेस्ट का आसान तरीका ढूंढ लिया है। इससे 3 घंटे में ही RT-PCR जितने सटीक नतीजे मिलते हैं। इसे सलाइन गार्गल RT-PCR टेस्ट नाम दिया गया है। इसका मतलब है नमक के पानी से गरारे के जरिए कोरोना की जांच। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) ने शनिवार को इसे अप्रूवल दे दिया है।
  • कोरोना की वजह से अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों के लिए केंद्र सरकार ने PM केयर्स फॉर चिल्ड्रन स्कीम का ऐलान किया है। ऐसे बच्चों को 18 साल की उम्र तक हर महीने आर्थिक मदद दी जाएगी। 23 साल की उम्र पूरी होने पर उन्हें PM केयर्स फंड से 10 लाख रुपए एकमुश्त मिलेंगे।

प्रमुख राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र

यहां शनिवार को 20,295 लोग संक्रमित पाए गए। 31,964 लोग ठीक हुए और 832 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 57.13 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 53.39 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 94,030 लोगों की मौत हो गई। 2.76 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां शनिवार को 2,014 लोग संक्रमित पाए गए। 7,902 लोग ठीक हुए और 155 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.88 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.21 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 20,208 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 46,201 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
दिल्ली में शनिवार को 956 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 2,380 लोग ठीक हुए और 122 की मौत हो गई। अब तक 14.24 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.87 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,073 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 13,035 का इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
राज्य में शनिवार को 2,437 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 6,391 लोग ठीक हुए और 64 की मौत हो गई। अब तक 9.67 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.11 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,979 लोगों की मौत हो चुकी है। 42,914 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

5. राजस्थान
यहां शनिवार को 2,314 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 8,108 लोग ठीक हुए और 70 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 9.36 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.71 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,251 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 56,628 मरीजों का इलाज चल रहा है।

6. गुजरात
राज्य में शनिवार को 2,230 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 7,109 लोग ठीक हुए और 29 की मौत हो गई। अब तक 8.05 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.57 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,790 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 38,703 लोगों का इलाज चल रहा है।

7. मध्यप्रदेश
राज्य में शनिवार को 1,640 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 4,995 लोग ठीक हुए और 68 की मौत हो गई। अब तक 7.77 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.38 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 7,959 लोगों की मौत हो चुकी है। 30,899 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

साभार-दैनिक भास्कर

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें। हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Exit mobile version