हरियाणा के डबवाली के इस घर की अजीब है कहानी, सास-बहू झरोखे से करतीं हैं आपस बात, जानें रोचक किस्‍सा

पढ़िए दैनिक जागरण की ये खबर… 

हरियाणा के डबवाली के एक घर का बेहद रोचक‍ किस्‍सा सामने आया है। यह घर हरियाणा-पंजाब सीमा के बीचोंबीच है। बिजली कनेक्शन लेने के लिए घर के बीच में दीवार बनानी पड़ी। अब सास और बहू की बात एक झरोखे से हाेती है।

डबवाली। दो राज्‍यों की सीमा पर स्थित एक घर को लेकर एक बेहद रोचक मामला सामने आया है। महाशा धर्मशाला से सटे घर में 70 वर्षीय जगवंती देवी परिवार सहित रहती है। उसके घर का एक दरवाजा हरियाणा में खुलता है तो दूसरा पंजाब में। बुधवार को घर के बीच दीवार निकाल दी। इसलिए नहीं कि परिवार में विवाद हुआ। बल्कि हरियाणा बिजली निगम के फरमान पर ऐसा किया। इसके बाद पंजाब में स्थित उसका बेडरूम बंद हो गया। घर के बीचों-बीच बनी गैलरी बंद हो गई।

घर का आधा हिस्‍सा पंजाब तो आधा हिस्‍सा हरियाणा में, बिजली कनेक्‍शन लेने को बनवानी पड़ी बीच में दीवार

दरअसल, जगवंती देवी ने घर का विस्तार करते हुए हरियाणा में निर्माण किया है। करीब तीन माह पूर्व बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। जमीन की रजिस्ट्री उर्दू में होने के कारण आपत्ति लगा दी गई थी। मलोट में अनुवादक मिला, जिसके बाद रजिस्ट्री पंजाबी भाषा में हुई। पुन: ऑब्जेक्शन लग गया कि पंजाबी पढऩी नहीं आती।

घर के बीच बनी दीवार के झरोखे से दूसरे हिस्‍से को देखतीं जगवंती देवी। 

तीसरी बार अनुवाद करवाया गया, इस बार रजिस्ट्री की भाषा अंग्रेजी लिखी गई। उम्मीद थी कि कनेक्शन मिल जाएगा। लेकिन, बिजली निगम ने आपत्ति लगा दी कि घर दो प्रदेशों हरियाणा-पंजाब में एक साथ बना हुआ है। कनेक्शन तभी होगा जब पंजाब सीमा पर ईंटों की दीवार बनेगी। निगम की इस आपत्ति को दूर करने के लिए जगवंती ने दीवार बनाई है।

हरियाणा के अंतिम कोने पर बसे शहर डबवाली की भागोलिक स्थिति प्रदेश के अन्य कस्बों से बहुत अलग है। घर दो प्रदेशों में बंटे हुए है। मतलब यह कि आधा घर हरियाणा तो शेष हिस्सा पंजाब में आता है। वर्ष 1966 में जब हरियाणा बना था तो पंजाब के साथ सीमा निर्धारित हुई थी। इससे सीमा पर बसे कई घरों में लकीर खिंच गई। इतने वर्षों बाद हरियाणा बिजली निगम इस लकीर को पीटने लगा है। निगम ने वार्ड नंबर 4 में वृद्धा के घर पर बिजली कनेक्शन देने के लिए दीवार खड़ी करवाकर पंजाब को जाने वाला रास्ता बंद करवा दिया है।

घर के बीचोंंबीच बनी दीवार के झरोखे से दूसरे हिस्‍से को देखती जगवंती देवी की बहू। 

बिजली कनेक्शन पर आपत्ति क्यों

जगवंती देवी की शादी रौनक राम से हुई थी तो पंजाब में आने वाले हिस्से में घर बना हुआ था। पंजाब का बिजली कनेक्शन, पेयजल कनेक्शन प्रयोग करते थे। कुछ समय पहले हरियाणा वाले हिस्से में निर्माण किया। प्रॉपर्टी टैक्स डबवाली नगर परिषद में जमा कराने लगे। जनस्वास्थ्य विभाग ने पेयजल कनेक्शन जारी किया, लेकिन दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने कनेक्शन पर आपत्ति दर्ज करवा दी।

घर के बीच में बनी दीवार। 

झरोखे से सास को बुला रही बहू

दोपहर बाद करीब साढ़े 12 बजे दीवार बन गई थी। दीवार के बीच छोटा सा झरोखा रखा गया, ताकि सास-बहू में सांझ बनी रहे। रीटा को कुछ काम हुआ तो उसने किरयाना की दुकान पर बैठी अपनी सास जगवंती देवी को आवाज लगाई। तभी बेटा सुरेंद्र मोंगा वहां आ गया। उसने बताया कि दो बार सिक्योरिटी वापिस हो चुकी है। बिजली निगम की आपत्ति दूर करने के लिए ही दीवार निकाली है।

” मुझे पूरे मामले का पता नहीं है। बृहस्पतिवार को इस संबंध में जेई रविंद्र पाल से रिपोर्ट तलब करूंगा। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा। लेकिन ऐसा संभव नहीं है कि बिजली निगम की वजह से किसी को घर में ही दीवार निकालने की नौबत आए। मैं खुद फैक्ट की जांच करुंगा।

 – युगांक जैन, उपमंडल अधिकारी, बिजली निगम, डबवाली।  साभार-दैनिक जागरण

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें

Exit mobile version