गाजियाबाद,संक्रमण बढ़ा, वैक्सीन का टोटा

पढ़िए दैनिक जागरण की ये खबर…

गाजियाबाद: जिले में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं और वैक्सीन का भारी टोटा पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की लापरवाही के चलते टीकाकरण केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन नहीं पहुंच रही है। आलम यह है कि प्रतिदिन 18 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है, लेकिन विभाग के पास मात्र 750 डोज बची हुई हैं।

मंगलवार को संयुक्त अस्पताल में दूसरी डोज लगवाने पहुंचे एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह को लोगों ने टीका लगवाने के लिए घेर लिया। बड़ी मुश्किल से लोगों को शांत किया गया। विभागीय लापरवाही के चलते कोल्ड चेन ब्रेक होने का खतरा मंडराने लगा है। तीन को छोड़कर शेष सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर जहां सौ लोगों से अधिक को टीका नहीं लगाया जा रहा है। वहीं पर निजी केंद्रों को तीन दिन बाद भी पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसके चलते रोज केंद्रों पर टीका लगवाने वाले लोग हंगामा कर रहे हैं।

स्वास्थ्य अब तक तीन सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर हंगामा करने के दस मामलों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुलिस को बुलाया गया है। मंगलवार को संयुक्त अस्पताल में लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस को बुलाना पड़ गया। वैक्सीन के अभाव में कई लोग निराश होकर घर लौट रहे हैं। सीएमओ डा. एनके गुप्ता का दावा है कि 12 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का कोटा है, लेकिन ई-स्टोर का रिकार्ड रजिस्टर बयां कर रहा है कि केवल 750 डोज ही उपलब्ध है। सूत्रों का कहना है कि मेरठ में ही वैक्सीन का अभाव है।

प्राइवेट अस्पतालों में मारामारी

निजी अस्पतालों में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर पैसा देने के बाद भी वैक्सीन नहीं लग रही है। कोई ढाई सौ तो कोई इससे भी अधिक पैसा लेकर भी पांच दिन बाद का समय दे रहा है। स्वास्थ्य विभाग के पास निजी केंद्रों की रोज दो-चार शिकायतें पहुंच रहीं हैं। मंगलवार को जिले में कुल 87 केंद्रों के सापेक्ष 65 सरकारी केंद्रों में 6803 और 22 प्राइवेट अस्पतालों में 2794 लोगों को टीका लगा है। महापौर आशा शर्मा ने परिवार समेत वैक्सीन लगवाई और एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह ने दूसरी डोज ली। कोल्ड चेन ब्रेक होने का खतरा

जल्द बाजी में आने वाली वैक्सीन को ई-वैक्सीन स्टोर से कोल्ड चेन स्टोर तक पहुंचाने में समय लगता है। वहां से केंद्र को भेजी जाती है, लेकिन अब सीधे केंद्रों तक पहुंचाई जा रही है। ऐसे में कोल्ड चेन ब्रेक होने का खतरा है।

सुबह दस बजे से बैठे हैं और दो बज गए है। अभी तक वैक्सीन नहीं लगी है। कभी कहते हैं कि कार्ड खत्म हो गए हैं तो कभी वैक्सीन का टोटा बता रहे हैं। पब्लिक को परेशान किया जा रहा है।

अजीत सिंह, महरौली

जिला एमएमजी अस्पताल में टीका लगवाना मुश्किल काम है। अनुरोध करने पर भी दो दिन से रोज घुमाया जा रहा है। पंजीकरण करने के नाम पर दो घंटे तक बैठाए रखा और शाम होने पर कह दिया कि वैक्सीन खत्म हो गई। अब कल आना। वैक्सीन मंगानी चाहिए। सभी को तुरंत टीका लगाया जाना चाहिए।

अनीता, महरौली

टीका लगवाने के नाम पर सरकारी अस्पतालों में लोगों को परेशान किया जा रहा है। कभी पोर्टल बंद तो कभी वैक्सीन खत्म बताई जा रही है।

सूर्यप्रकाश राव, कोट गांव

टीका लगवाने के लिए पूरा दिन खराब हो जाता है। अफसरों ने कोई खास इंतजाम नहीं कर रखा है। वैक्सीन खत्म बताकर अगले दिन बुलाया जा रहा है।

हेमावती, संजयनगर

दोपहर को वैक्सीन खत्म हो गई थी लेकिन एक घंटे में ही वैक्सीन का इंतजाम हो गया। एक दिन के लिए वैक्सीन बची हुई है। केंद्र पर 236 लोगों को टीका लगाया गया है।

डा. संगीता गोयल, सीएमएस जिला महिला अस्पताल

वैक्सीन का अभाव चल रहा है। लक्ष्य के सापेक्ष वैक्सीन न मिलने से लोग रोज हंगामा करते हैं। हर व्यक्ति पहले टीका लगवाने के चक्कर में इंतजार करना पसंद नहीं कर रहा है। मंगलवार को लोगों ने हंगामा किया। पुलिस को बुलाना पड़ गया। सीएमओ और डीएम को पल-पल की गतिविधियों से अवगत कराया जा रहा है। सुरक्षा कर्मी तैनात करने का अनुरोध किया जा रहा है।

डा. प्रियंका समानिया, केंद्र प्रभारी, संयुक्त अस्पताल

वैक्सीन आएगी तो लगाई जाएगी। नहीं आएगी तो नहीं लगाई जाएगी। शासन स्तर से लगातार मांग की जा रही है। इस महीने के लिए कम से कम एक लाख डोज रिजर्व में रहना जरूरी है। अब केवल 12 हजार डोज बची हैं। उच्च अफसरों को अवगत करा दिया गया है। निजी अस्पतालों के संचालक वैक्सीन के लिए उच्च सिफारिशें करवा रहे हैं। केंद्रों की संख्या कम करने पर विचार किया जा रहा है।

डा. एनके गुप्ता, सीएमओ –  साभार-दैनिक जागरण

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

हमारा गाजियाबाद के व्हाट्सअप ग्रुप से जुडने के लिए यहाँ क्लिक करें। 

Exit mobile version