किसान आंदोलन के 100 दिन:मोदी कैबिनेट का हर तीसरा मंत्री और 538 में से 216 सांसद किसान; इनकी औसत संपत्ति 18 करोड़ और किसान की कमाई… पढ़िये तो…

किसान आंदोलन के 100 दिन पूरे हो गए हैं। 26 नवंबर को किसानों ने दिल्ली की सरहद पर डेरा डाला था। तो नवंबर के हो गए 5 दिन, दिसंबर और जनवरी के 31-31 दिन, फरवरी के 28 और मार्च के 6 दिन। यानी कुल 100 दिन पूरे, 101वां शुरू।

किसानों की मांग मूल रूप से एक ही है- संसद से पास खेती-किसानी के 3 कानून रद्द कर दो। इस बात पर 11 बार बातचीत हो गई। बैठे-बैठे और लड़ते हुए 100 से ज्यादा किसानों की मौत हो गई। 100 से ज्यादा जेल में हैं। 300 पुलिस वाले भी घायल हुए। लेकिन सारी बातें खेत की मेड़ पर जस की तस धरी हैं।

संसद चली तो वहां भी खूब बहस हुई। अधिक खिलाफ में, तो कुछ साथ में भी दिखे। वहां कई नेताओं ने कहा- ‘हम भी तो किसान हैं… जानते हैं इनका दर्द।’ तो हमने सोचा देखें इनकी भी किसानी। आंकड़े खंगाले तो गजब पाया। संसद में अभी 543 सीटें हैं। इनमें 5 खाली हैं और 538 पर नेता लोग बैठे हैं। इनमें से 216 ने सरकारी दस्तावेज में खुद को किसान बता रखा है।

अब आते हैं कमाई पर। देश का किसान महीने में औसतन 8,931 रुपए कमाता है। ये आंकड़े सरकार के ही फाइनेंशियल इंस्टीट्यूट NABARD के दस्तावेज में लिखे हैं। और सांसदों को सारी सुविधाओं के बाद महीने में 1.73 लाख रुपए की तनख्वाह मिलती है। वो भी काेरोना के कारण 11 महीने से घटी हुई है। वैसे तो 2.30 लाख रु. महीने की सैलरी मिलती रही है। अगर कुछ अलग नहीं हुआ तो अगले महीने यानी अप्रैल से फिर मिलने लगेगी। क्योंकि ये सालभर के लिए घटाई गई थी। पिछले साल अप्रैल में।

ये तो महीने की सैलरी की बात हुई, अब इनकी संपत्ति देखते हैं। मोदी सरकार में कुल 53 मंत्री हैं। इनमें 21 कैबिनेट और 32 राज्यमंत्री हैं। 21 कैबिनेट मंत्रियों में से 7 किसान हैं। वहीं, 32 राज्यमंत्रियों में 13 किसान हैं। किसान मंत्रियों में अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी के नाम शामिल हैं। अमित शाह कैबिनेट मंत्रियों में सबसे अमीर किसान हैं। उनके पास 40.32 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।

देश के हर किसान के पास औसतन 1.08 हेक्टेयर खेती की जमीन है। पर, सरकार के हर किसान मंत्री के पास इससे ज्यादा खेती की जमीन है। सबसे ज्यादा 12.28 हेक्टेयर खेती की जमीन नितिन गडकरी के पास है।

अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी ने पत्नी को किसान बताया है। लेकिन, चौधरी और उनकी पत्नी के पास खेती की जमीन नहीं है।

भाजपा के 46% तो कांग्रेस के 25% सांसद किसान
भाजपा हो या कांग्रेस हर पार्टी में किसान सांसद हैं। भाजपा के 302 सांसदों में 139 यानी 46% किसान हैं। वहीं, कांग्रेस के 51 में से 13 और शिवसेना के 18 में से 11 सांसद किसान हैं।

  • NABARD के सर्वे के मुताबिक, 2016-17 में किसानों की हर महीने की कमाई 8,931 रुपए थी। यानी, सालाना 1,07,172 रुपए। इस हिसाब से किसान सालभर में जितना नहीं कमाते, उससे ज्यादा की सैलरी तो हर महीने सांसदों को मिल जाती है।

पंजाब जहां सबसे ज्यादा विरोध, वहां किसानों की आमदनी सबसे ज्यादा
किसान कानूनों का सबसे ज्यादा विरोध पंजाब और हरियाणा में हो रहा है। पंजाब के किसान देश में सबसे ज्यादा कमाते हैं। उनकी हर महीने की औसत कमाई 23,133 रुपए और हरियाणा के किसानों की औसत कमाई 18,496 रुपए है। इन दोनों राज्यों के 23 सांसदों में से सिर्फ 6 ही ऐसे हैं, जिन्होंने खुद को किसान बताया है। इनमें 4 पंजाब और 2 हरियाणा के हैं। इन सांसदों की औसत संपत्ति 82 करोड़ रुपए है।

सबसे अमीर हरसिमरत कौर बादल और सुखबीर सिंह बादल हैं। पति-पत्नी दोनों को मिलाकर 217 करोड़ रुपए की संपत्ति है। हरसिमरत कौर बादल वही हैं, जो पहले मोदी सरकार में मंत्री थीं, लेकिन किसान कानूनों की वजह से ही उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और बाद में उनकी पार्टी अकाली दल भी NDA से अलग हो गई।

जहां किसानों की कमाई सबसे कम, उस यूपी के 80 में से 41 सांसद किसान
देश में सबसे कम कमाई उत्तर प्रदेश के किसानों की है। यहां के किसान महीने में औसतन 6,668 रुपए कमाते हैं। यहां के 80 में से 41 सांसद खुद को किसान बताते हैं। इनकी औसत संपत्ति 9.3 करोड़ रुपए है। एटा से भाजपा के सांसद राजीव सिंह यूपी के किसान सांसदों में सबसे अमीर हैं। उनके पास 38.36 करोड़ रुपए की संपत्ति है।साभार-दैनिक भास्कर

पार्ट-2 में कल पढ़िए देश के किस राज्य के किसान महीने का कितना कमाते हैं और वहां के किसान सांसदों की संपत्ति कितनी है?

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziaba

Exit mobile version