किसानों को ट्रैक्टर रैली के लिए मिली लिखित अनुमति, पुलिस को अलर्ट रहने के आदेश

कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का विरोध प्रदर्शन 60वें दिन भी जारी है। 10वें दौर की बातचीत के बाद भी किसानों और सरकार के बीच बात नहीं बन पाई है। वहीं, 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली ट्रैक्टर परेड को लेकर संशय बरकरार है। किसान नेताओं ने बताया कि परेड के लिए पुलिस की अनुमति मिल गई है । वहीं, किसानों का कहना है कि पुलिस अनुमति दे या ना दे, ट्रैक्टर परेड होकर रहेगी।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षाबल रहेंगे अलर्ट

सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सीएपीएफ व गणतंत्र दिवस परेड की सुरक्षा के लिए तैनात अन्य बलों को किसान ट्रैक्टर रैली को लेकर अलर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था की गई है।

सिंघु बॉर्डर के पास कांग्रेस सांसद की गाड़ी पर हमला

सिंघु बॉर्डर के पास गुरु तेग बहादुर मेमोरियल में किसान संसद का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू भी पहुंचे थे। जैसे ही रवनीत वहां पहुंचे, उनकी गाड़ियों पर लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया। इसमें उनकी गाड़ी के शीशे भी चटक गए।

पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने के आदेश
किसानों और पुलिस के बीच आम सहमती बन गई है। इसके तहत दिल्ली के बाहरी इलाकों में रैली निकाली जाएगी। इसके लिए दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं।

बैठक खत्म, किसानों के रूट मैप को मिली पुलिस की मंजूरी
किसानों के साथ दिल्ली पुलिस की बैठक खत्म हो चुकी है। इसके बाद किसान नेता योगेंद्र यादव ने बताया कि हमारे रूट मैप को पुलिस की लिखित अनुमति मिल गई है। पांच रूटों पर 26 जनवरी को ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली नहीं दिल जीतने आ रहे हैं।

ट्रैक्टर परेड का रूट तैयार

26 जनवरी को होने वाली ट्रैक्टर परेड के लिए रूट मैप तैयार हो चुका है। किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर परेड के लिए रूट तैयार किया। बताया गया कि यूपी गेट से परेड शुरू होगी, जो आनंद विहार सीमापुरी होते हुए मेरठ तिराहे तक जाएगी।

लुधियाना में लोगों ने निकाली रैली
कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में पंजाब के लुधियाना शहर में लोगों ने रैली निकाली।

यूपी गेट पर बढ़ाई गई किसानों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की संख्या

किसानों के ट्रैक्टर परेड को लेकर यूपी गेट पर किसानों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की संख्या बढ़ाई गई है। प्रदर्शन स्थल पर 26 जनवरी को होने वाली किसानों की ट्रैक्टर परेड की तैयारियां जोरों से चल रही है।

गाजीपुर किसान आंदोलन समिति और प्रशासन के बीच बैठक शुरू
यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन में सुरक्षा के संबंध में गाजीपुर किसान आंदोलन समिति और प्रशासन के बीच बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक में एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह, एसपी सिटी सेकंड ज्ञानेंद्र सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद हैं। वहीं सुरक्षा जांच के लिए डॉग व बॉम्ब स्क्वॉयड दस्ता भी पहुंच गया है।

शाम 4:30 बजे प्रेस कांफ्रेंस करेंगे स्पेशल एसपी
किसानों की ट्रैक्टर परेड को लेकर दिल्ली पुलिस के स्पेशल एसपी (इंटेलिजेंस) जय सिंह रोड स्थित पुलिस मुख्यालय के मीडिया कॉन्फ्रेंस हॉल में शाम 4:30 बजे पत्रकारों को संबोधित करेंगे।

टिकैत की अपील: किसान साथी दल बल के साथ घर से निकलें
किसान नेता राकेश टिकैत ने ट्वीट किया कि 26 जनवरी की किसान गणतंत्र दिवस परेड ऐतिहासिक होगी। उन्हों सभी किसानों से अपील की है कि आप दल बल के साथ घर से निकलें और जो भी बाधा रास्ते में पड़े उसे पार करते हुए आगे बढ़ें। अगर किसी ने इसमें व्यवधान पैदा करने की कोशिश की तो उसका जिम्मेदार संबंधित जिला अधिकारी, एसएसपी और राज्य सरकारें होंगी।

दोपहर दो बजे तक तैयार होगा रूट मैप
दिल्ली और यूपी पुलिस के साथ किसानों के ट्रैक्टर परेड को लेकर दोपहर दो बजे तक रूट मैप तैयार हो जाएगा। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के मुताबिक ट्रैक्टर परेड यूपी गेट से चलकर दिल्ली में घुसने के बाद आनंद विहार होते हुए अप्सरा बॉर्डर पर पहुंचेगी। उसके बाद मोहन नगर और अन्य जगहों से होते हुए वापस यूपी गेट आएगी। फिलहाल इस मैप में पुलिस अधिकारी अंतिम मुहर लगाएंगे जिसमें रूट बदलाव की भी संभावना जताई जा रही है।

सरकार को 26 जनवरी को इन क़ानूनों को रद्द करने का ऐलान करना चाहिए:

कांग्रेस नेता जसबीर सिंह गिल ने कहा कि सरकार की अगली बैठक की तारीख़ तय करने की जो ज़िम्मेदारी है, सरकार उससे भाग नहीं सकती है। इस सरकार की एक परेशानी है कि जब भी इनकी नाकामी सामने आती है तो ये अपना दोष किसी और पर डाल देते हैं। सरकार को 26 जनवरी को इन क़ानूनों को रद्द करने का ऐलान करना चाहिए।

कोई फर्क नहीं पड़ता कि दिल्ली पुलिस अनुमति देती है या नहीं:

किसान सिंघु बॉर्डर पर पंजाब किसान संघर्ष समिति के सतनाम सिंह पानू ने कहा कि कई किसान गणतंत्र दिवस ट्रैक्टर रैली के लिए दिल्ली आ रहे हैं। हम दिल्ली के बाहरी रिंग रोड पर रैली करेंगे, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि दिल्ली पुलिस अनुमति देती है या नहीं

हम 26 जनवरी को शांतिपूर्ण ट्रैक्टर परेड निकालेंगे: किसान
कृषि क़ानूनों के खिलाफ टिकरी बाॅर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन आज 60वें दिन भी जारी है। एक प्रदर्शनकारी ने बताया कि आज पंजाब, हरियाणा और राजस्थान से काफी ट्रैक्टर आ रहे हैं। हम 26 जनवरी को शांतिपूर्ण ट्रैक्टर परेड निकालेंगे। टिकरी बाॅर्डर पर करीब दो-ढाई लाख ट्रैक्टर होंगे।

दिल्ली के सभी संपर्क मार्ग सील, सीमा पर कई राज्यों से पहुंचे किसान

26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए किसानों के जाने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। पंजाब, हरियाणा, यूपी आदि राज्यों से करीब पांच हजार ट्रैक्टर लेकर किसान दिल्ली की सीमा पर एक दिन में पहुंच गए हैं। वहीं दिल्ली के सभी संपर्क मार्ग पुलिस ने सील कर दिए हैं। इधर, पंजाब में आप ने किसानों के ट्रैक्टर मार्च के समर्थन में मोटरसाइकिल रैली निकाली। बठिंडा में बैठक करने पहुंचे भाजपा नेताओं को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

जब तक कृषि कानून वापस नहीं होंगे तब तक वह नहीं लौटेंगे: किसान
किसान नेता गुरविंदर सिंह, गुरदेव सिंह व कश्मीर सिंह ने बताया कि किसान अपने साथ खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान लेकर जा रहे हैं। अमृतसर में नेता सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धासुमन आर्पित करने के बाद हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ सिंघु बॉर्डर के लिए रवाना हुए। ट्रैक्टरों पर केसरी व नीले रंग के झंडे लगा कर केंद्र सरकार के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं होंगे तब तक वह नहीं लौटेंगे।साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version