NCR,रविवार को नोएडा में आएंगे योगी आदित्यनाथ, होगा बड़ा आयोजन

उत्तर प्रदेश दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा आने वाले हैं। उनके स्वागत में तीनों प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन जोरों से तैयारी में जुटे हुए हैं। यमुना ऑथोरिटी ने मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए विशेष तैयारी की है। यमुना अथॉरिटी इस मौके पर अपनी काफी महत्वकांक्षी परियोजनाओं को शामिल करने वाला है। इस बात की जानकारी यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण वीर सिंह ने दी है।

यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह ने बताया कि नोएडा में यूपी दिवस का आयोजन तीनों विकास प्राधिकरण मिलकर कर रहे हैं। साथ में राज्य सरकार के कई और विभाग शामिल हो रहे हैं। शिल्पहाट में यमुना प्राधिकरण को एक पवेलियन आवंटित किया गया है। वहां जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी प्रोजेक्ट, टॉय सिटी, एमएसएमई क्लस्टर, मेडिकल उपकरण पार्क और इंडस्ट्रियल हब को लोगों के सामने पेश किया जाएगा। यमुना प्राधिकरण के पवेलियन में इन सारी परियोजनाओं को अच्छी तरह डिस्प्ले करने की तैयारी चल रही है। जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी तीनों विकास प्राधिकरण के पवेलियन का दौरा करेंगे।

नोएडा में यूपी दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। जिला प्रशासन और तीनों प्राधिकरण इस संबंध में नए-नए तरीकों से नोएडा में यूपी दिवस को खास बनाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में नोएडा में यूपी दिवस पर प्लास्टिक सहित अलग-अलग चीजों के कचरे से ताजमहल और अयोध्या के घाटों की आकृतियां तैयार की जाएंगी। इन आकृतियों को सेक्टर-33ए के शिल्प हॉट में लगवाया जाएगा। आकृति बनाने का काम आगामी गुरुवार से शुरू हो जाएगा। इसे पूरा करने में तकरीबन 10 दिन लगेंगे। बताते चलें कि यूपी दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा आएंगे। उनके स्वागत के लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हॉट और उसके आसपास के इलाके को सजा रहा है। नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-34 में बने डंप यार्ड में डाले गए कचरे को रिसाइकिल करने की योजना पर काम कर रहा है। नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश ने बताया कि यहां पड़े प्लास्टिक, टीन, छप्पर और दूसरे कचरे से 10 अलग तरह की आकृतियां बनाई जाएंगी। ताजमहल और अयोध्या के घाट बना कर इसकी शुरुआत की जाएगी। इन आकृतियों को शिल्प हॉट के गेट और अंदर लगाया जाएगा। यह काम एक संस्था सीएसआर के जरिए करेगी। आकृतियों को बनाने का काम डंप यार्ड में ही किया जाएगा। तैयार होन जाने के बाद इनको शिल्प हॉट में लाया जाएगा।

शिवालिक पार्क का निर्माण शुरू
सेक्टर-33 में शिल्प हॉट के सामने शिवालिक पार्क बनाने का काम बुधवार से शुरू हो गया है। पहले यहां स्थाई रूप से हैलीपेड के निर्माण का काम शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 जनवरी को नोएडा के शिल्प हॉट में आएंगे। इसीलिए पहले निर्माण कार्य यहां से शुरू किया गया है। आने वाले दिनों में यहां पेड़-पौधे, घास और अन्य चीजें लगाई जाएंगी। प्राधिकरण इस पर तकरीबन साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च करेगा।

वेटलैंड को आकर्षक बनाया जाएगा
सेक्टर-54 में वेटलैंड बनाने का काम भी बुधवार से शुरू हो दिया गया है। इसके निर्माण पर करीब 4 करोड़ 86 लाख रुपये का खर्च आएगा। एक अधिकारी ने बताया कि यहां गढ्ढा खोदकर झील बनाई जाएगी। लोगों के पैदल चलने के लिए चारों तरफ पाथवे बनाया जाएगा। पेड़-पौधे और फूल लगाकर इस वेटलैंड को आकर्षक बनाया जाएगा।साभार- ट्रीसिटी टुडे

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version