एम्स में बर्न और प्लास्टिक सर्जरी का नया ब्लॉक शुरू, 100 बेड और 6 आपरेशन थियेटर की सुविधा

दिल्ली एम्स में नए बर्न और प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक का सोमवार को उद्घाटन हो गया। मंगलवार से यह ब्लॉक आम जनता के लिए शुरू हो जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने नए ब्लॉक का उद्घाटन किया। यहां जलने के मामलों से पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। अभी तक लोगों को जले हुए मामलों के लिए सफदरजंग अस्पताल पर निर्भर होना पड़ता था।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि इस ब्लॉक में एक साल में लगभग 15000 बर्न केस वाले मरीजों का इमरजेंसी में इलाज किया जा सकेगा। वहीं, पांच हजार से अधिक मरीजों को वार्ड में भर्ती किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस नए ब्लॉक की मदद से देश में बर्न के मामलों से होने वाली मौत को कम किया जा सकेगा। मौत के अधिकतर मामले जलने के बाद संक्रमण की वजह से होते हैं। इसलिए हमने इस नए ब्लॉक में 30 अलग-अलग कमरों वाले आईसीयू बेड की सुविधा उपलब्ध कराई है।

100 बेड की सुविधा
एम्स के बर्न और प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉक्टर मनीष सिंघल ने बताया कि इस ब्लॉक में 100 बेड होंगे। इनमें से 30 आईसीयू बेड, 10 प्राइवेट बेड और 60 जनरल बेड की सुविधा उपलब्ध होगी। इस ब्लॉक में 30 आईसीयू बेड 30 अलग अलग कमरों में होंगे। उन्होंने बताया कि ब्लॉक में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां आईसीयू को संक्रमण मुक्त रखने के लिए भी अलग इंतजाम किए गए हैं।

छह ऑपरेशन थिएटर होंगे
एम्स के इस अत्याधुनिक ब्लॉक में इमरजेंसी के लिए आने वाले मरीजों के लिए छह बेड की सुविधा उपलब्ध की गई है। डॉ. मनीष ने बताया कि इमरजेंसी को इस तरह तैयार किया गया है कि किसी आपदा के दौरान मरीजों की संख्या बढ़ने पर इमरजेंसी में 20 बेड लगाकर 20 मरीजों का इलाज किया जा सकता है। इस ब्लॉक में सर्जरी के लिए छह ऑपरेशन थिएटर की सुविधा भी है। इन्हें दो अलग-अलग तल पर तैयार किया गया है।

त्वचा बैंक भी उपलब्ध होगा
अस्पताल के बर्न ब्लॉक में त्वचा बैंक भी उपलब्ध होगा। हालांकि, अभी इसे तैयार किया जाना बाकी है। इसके लिए पर्याप्त स्थान वाला बड़ा हॉल तैयार है। त्वचा बैंक में त्वचा स्टोर की जा सकती है। यहां इमरजेंसी, सड़क हादसों, जलने के गंभीर मामलों जिनमें अतिरिक्त त्वचा लगाकर शरीर के ऊतकों को बनाया जाता, उसके लिए त्वचा बैंक से त्वचा ली जा सकेगी। यहां शोध कार्य भी किए जाएंगे।

24040 वर्ग मीटर में फैला है ब्लॉक
डॉक्टर मनीष सिंघल ने बताया कि बर्न और प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक 24040 वर्ग मीटर में फैला है। यहां किचन, लॉन्ड्री और एक समय में 250 वाहनों को पार्क करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।साभार-हिन्दुस्तान न्यूज़

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version