आज कृषि कानूनों की कॉपी जलाएंगे किसान, शाम साढ़े पांच बजे यूपी गेट पर लोहड़ी का कार्यक्रम

कृषि कानूनों की वापसी और एमएसपी पर कानून बनाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसान आज देश भर में लोहड़ी पर कृषि कानूनों की कॉपी जलाएंगे। यूपी गेट पर किसानों की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

यूपी गेट पर तीन कृषि कानूनों की वापसी और एमएसपी पर कानून बनाने की मांग को लेकर किसान 48 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की तरफ से लगातार कृषि कानूनों का विरोध किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को किसान लोहड़ी की अग्नि में तीनों कानूनों की कॉपी को जलाकर विरोध जताएंगे। यूपी गेट पर शाम साढ़े पांच बजे कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मंच के पास लोहड़ी जलाई जाएगी।

18 को मनाया जाएगा महिला किसान दिवस
18 जनवरी को यूपी गेट पर किसान महिला किसान दिवस मनाएंगे। इस दिन मंच की बागडोर महिला किसानों के हाथ में होगी। किसान संगठनों की माने तो 17 जनवरी से महिला किसान आंदोलन स्थल पर पहुंचने लगेंगी। उनके ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। किसान महिलाओं को रुकने के लिए अलग से कैंप तैयार करेंगे। इसके साथ ही महिला वॉलेंटियर को महिलाओं को हर तरह की सुविधा मुहैया कराने के लिए तैनात किया जाएगा। महिला कैंप के आसपास पुरुषों का आना जाना प्रतिबंधित रहेगा।

किसान कर रहे 26 जनवरी की परेड की तैयारी
26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली परेड में शामिल होने की तैयारी जोरों पर चल रही है। मंगलवार को युवा किसानों ने आगे तिरंगा बनी टी शर्ट पहनकर ट्रैक्टर चलाकर रिहर्सल किया। दिनभर युवाओं ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर चलाकर रिहर्सल किया। युवा किसानों का कहना है कि सभी किसान 26 जनवरी पर ऐसी टी शर्ट पहनेंगे जिस पर आगे तिरंगा बना हुआ होगा। साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

Exit mobile version