गाजियाबाद,दूल्हे की बजाय उसके भाई से करा दी शादी, केस दर्ज

गाजियाबाद। सिहानी गेट थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि उसे एक युवक को पसंद कराकर शादी उसके भाई से करा दी।

शादी वाले दिन पति नशे में धुत होकर आया और छेड़छाड़ करने लगा। सास देवर और जेठ से संबंध बनाने का दबाव बनाती थी, दोनों कमरे में घुसकर छेड़छाड़ करते थे। विरोध करने पर पिटाई कर दी। आरोपियों की हरकत मोबाइल में कैद कर पीड़िता ने डीएम से कार्रवाई की गुहार लगाई। डीएम के आदेश पर सिहानी गेट पुलिस ने पीड़िता के पति, सास, दो जेठ, देवर व बिचौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, छेड़छाड़ और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है।

सिहानी गेट थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला का कहना है कि उसकी शादी फरवरी 2020 में मुरादनगर थानाक्षेत्र के गांव में रहने वाले युवक के साथ हुई थी। उसके साथ सबसे पहले धोखा बिचौलिया छत्रपाल निवासी राजनगर एक्सटेंशन ने किया। पसंद कराने के लिए किसी अन्य युवक को दिखाया और शादी किसी और से करा दी।

शादी के दिन विरोध करने पर बिचौलिया ने दोनों युवकों के सगे भाई होने की बात कही। शादी वाले दिन ही पति शराब के नशे में धुत होकर आया। पीड़िता का आरोप है कि शादी के पहले दिन के बाद ही सास, कभी जेठ तो कभी देवर को उसके कमरे में भेज देती थी। दोनों उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट करते थे। वह धक्का देकर कमरे से बाहर आ जाती थी।

पीड़िता का आरोप है कि सास उस पर दोनों से संबंध बनाने का दबाव डालती और कहती कि नाम पति को चलता रहेगा। उसने इसके लिए साफ इनकार किया तो ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने की बात कहकर उसे प्रताड़ित करने लगे। वह तीन लाख रुपये व बाइक की मांग करने लगे। पीड़िता का कहना है कि जेठ व देवर द्वारा कमरे में घुसकर छेड़छाड़ करने के फोटो भी उसके पास हैं।

मई 2020 में सास के कहने पर देवर उसे मायके में छोड़ गया। तभी से वह मायके में रह रही है। काफी समझाने के बाद भी ससुराल पक्ष के लोग नहीं माने तो पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई। कार्रवाई न होने पर पीड़िता डीएम दरबार में पहुंची। एसएचओ सिहानी गेट कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपी ससुरालियों की तलाश की जा रही है।साभार-अमर उजाला

आपका साथ – इन खबरों के बारे आपकी क्या राय है। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं। शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें।

 

Exit mobile version