बिहार के ‘रॉबिनहुड पांडे’ वर्दी उतार राजनीति में एंट्री – आज कर सकतें हैं बड़ा एलान

पांडेय को जनवरी 2019 में बिहार का डीजीपी बनाया गया और बतौर डीजीपी उनका कार्यकाल 28 फरवरी 2021 तक था। यानी कि डीजीपी के तौर पर पांडेय का अभी 5 महीने का कार्यकाल बचा हुआ था।

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) गुप्तेश्वर पांडेय ने मंगलवार को अचानक वीआरएस ले लिया। पांडेय को पिछले साल बिहार का पुलिस महानिदेशक बनाया गया था। वे अगले साल फरवरी में रिटायर होने वाले थे। इधर, 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी पांडेय के विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। हालांकि अब तक पांडेय ने इसकी घोषणा नहीं की है।

गुप्तेश्वर पांडेय ने 2009 में लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए भी सेवानिवृत्ति ले ली थी, लेकिन बाद में राज्य सरकार ने उनकी वीआरएस याचिका स्वीकार नहीं की और उन्हें पुलिस सेवा में बहाल कर दिया था।

आज सोशल मीडिया पर आएंगे Live
गुप्तेश्वर पांडेय ने शाम 6 बजे अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर लाइव आएंगे। कल देर रात एक ट्वीट कर उन्होंने ये जानकारी दी है। गुप्तेश्वर पांडेय ने ट्वीट कर कहा, 23 सितंबर को शाम 6 बजे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव आऊंगा। मैसेज के ऊपर एक कैप्शन में लिखा है- मेरी कहानी, मेरी जुबानी।

सूत्रों की मानें तो लाइव के दौरान पांडेय चुनाव संबंधी घोषणाएं कर सकते हैं। सोमवार को ही जब उनसे रिटायरमेंट के बाद राजनीति में जाने के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था, ”क्या रिटायरमेंट के बाद राजनीति में जाना पाप है? कदाचार है? या गलत है? राजनीति के कारण ही कार्यपालिका है, विधायिका है।”

पांडेय राजनीति में आए, तो किस सीट से लड़ सकते हैं चुनाव
गुप्तेश्वर पांडे का बक्सर गृह जिला है। माना जा रहा है गुप्तेश्वर पांडेय बिहार की बक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। पिछले दिनों उन्होंने बक्सर के JDU जिलाध्यक्ष के साथ बंद कमरे में घंटों मुलाकात की थी। जिलाध्यक्ष के साथ सिविल ड्रेस में उनकी एक तस्वीर भी वायरल हुई थी। हालांकि, उन्होंने इस तस्वीर को राजनीति से जोड़ने की बात स्वीकार नहीं की थी। इसके बाद ही उन्होंने वीआरएस ले लिया।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version