दिल्ली – आरआर हॉस्पिटल में मिले 24 नए कोरोना संक्रमित

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित सेना के रिसर्च एंड रेफरल हास्पिटल में 24 व्यक्ति जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित पाए गए व्यक्तियों में सेवारत एवं सेवानिवृत्त सशस्त्र बल कर्मी शामिल हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी को दिल्ली छावनी स्थित सेना के बेस अस्पताल भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इन 24 व्यक्तियों में सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी एवं उनके आश्रित शामिल हैं।

दूसरी ओर से दिल्ली में ही देश के सबसे बड़े अर्द्धसैन्य बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की दिल्ली स्थित एक बटालियन में कोविड-19 से संक्रमित जवानों की संख्या बढ़कर 135 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। ये जवान राष्ट्रीय राजधानी के मयूर विहार फेस-3 इलाके में स्थित अर्द्धसैन्य बल की 31वीं बटालियन के हैं। पिछले कुछ दिनों में यहां कोरोना वायरस के मामले बड़ी संख्या में सामने आने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।

इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”इस बटालियन के कुल 135 जवान विषाणु से संक्रमित पाए गए हैं।” यूनिट से कुल 480 नमूने लिए गए थे, जिनमें से 458 की रिपोर्ट आ चुकी है और 22 का इंतजार किया जा रहा है। नमूनों के त्वरित संग्रह को सुनिश्चित करने के लिए बटालियन के परिसर में एक सचल कोरोना वायरस जांच प्रयोगशाला तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि परिसर में और इसके आसपास एक विशेष संक्रमण-मुक्त अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ज्यादातर संक्रमित कर्मियों में इस जानलेवा बीमारी के कोई लक्षण दिखाई नहीं दिए। इन्हें मंडोली में दिल्ली सरकार के एक पृथक केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस यूनिट के 12 कर्मी शुक्रवार को संक्रमित पाए गए थे और 55 वर्षीय एक उपनिरीक्षक की इस हफ्ते की शुरुआत में मौत हो गई थी।


हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version