यूपी गेट पर बढ़ाई पुलिस ने सख्ती, सुबह 9 बजे के बाद दिल्ली जाना हुआ मुश्किल

गाज़ियाबाद पुलिस द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए सील की गई दिल्ली की सीमाओं पर सख्ती बढ़ा दी गई है। मंगलवार केवल सुबह नौ बजे तक ही दिल्ली जाने वाले केंद्र व दिल्ली के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रवेश दिया गया। इसी प्रकार शाम को भी छह बजे के बाद ही उन्हें गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश करने की इजाजत मिली। सुबह नौ बजे के बाद यूपी गेट से दिल्ली जाने वाले जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को सीधा प्रवेश न देकर साईं मंदिर अंडरपास से भेजा गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि दिल्ली की सीमाओं से दिन भर होने वाली आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए समय निर्धारित किया गया है। उसके अनुसार अधिकारियों को पहचान पत्र व पास के आधार पर सुबह नौ बजे तक दिल्ली में प्रवेश करने दिया जा रहा है। इसी तरह शाम छह बजे के बाद उन्हें गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश दिया जा रहा है। मंगलवार से इसका पालन शुरू हो गया। मंगलवार को सुबह नौ बजे के बाद पहुंचने वालों को वापस कर दिया गया। शाम छह बजे के पहले आने वालों को भी प्रवेश नहीं दिया गया।

दूसरी तरफ जरूरी सेवाओं से जुड़े अनुमति प्राप्त लोगों को भी सुबह नौ बजे के बाद यूपी गेट से सीधे दिल्ली नहीं जाने दिया गया। सिर्फ एंबुलेंस को सीधे प्रवेश दिया गया। सुबह जांच-पड़ताल के दौरान यूपी गेट, अप्सरा बार्डर, भोपुरा, महाराजपुर आदि सीमाओं पर वाहनों की लाइन भी लगी रही।

जपद की मुख्य सड़कों पर रही सख्ती
मंगलवार को दिनभर ट्रांस हिडन की मुख्य सड़कों पर पुलिस की सख्ती रही। दो पहिया वाहन पर एक से अधिक सवारी मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। कार में भी दो सवारी से अधिक होने पर उनका चालान काटा गया। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। कलानिधि नैथानी ने बताया है कि अधिकारियों को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।


हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version