गाज़ियाबाद में फिर लगे “लापता” जनरल वीके सिंह के पोस्टर, पुलिस ने किए कई सपा नेता गिरफ्तार

गाज़ियाबाद पुलिस ने गाजियाबाद के क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह के खिलाफ जगह-जगह आपत्तिजनक पोस्टर लगाने पर कई समाजवादी पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर पोस्टर लगाने में शामिल अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है। देर रात तक ज्यादातर पोस्टर हटवा दिए गए थे।

मंगलवार देर शाम कलक्ट्रेट समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर वीके सिंह के खिलाफ पोस्टर देखे गए। इस पर सपा नेता पंडित जीतू शर्मा की फोटो और नाम लिखा हुआ था। सपा के अन्य नेताओं की भी फोटो लगी थी। इसकी जानकारी जब पुलिस को हुई तो हड़कंप मच गया। पुलिस वाले पोस्टर हटाने और आरोपित सपाइयों को गिरफ्तार करने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस ने दबिश देकर आरोपित जीतू को गिरफ्तार कर लिया।

पोस्टर की जानकारी मिलने पर एडीएम सिटी शैलेंद्र सिंह खुद कलक्ट्रेट पहुंचे और पोस्टर हटवाए। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपित जीतू समेत कई सपा नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित को 151 में चालान किया जाएगा। इस में शामिल कई अन्य सपाई फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

वहीं भारतीय जनता पार्टी के महा नगर अध्यक्ष संजीव शर्मा का कहना है कि जनरल वीके सिंह साहब लगातार गाजियाबाद से जुड़े रहते हैं, हमेशा क्षेत्र के बारे में सोचते हैं, मंगलवार को भी उन्होंने मेट्रो के संबंध में एक बैठक भी ली। ये विरोध सस्ती राजनीति का हिस्सा है। ऐसे पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

आपको बता दें कि जनरल वीके सिंह के पिछले कार्यकाल के दौरान उन पर अपने संसदीय क्षेत्र गाज़ियाबाद से गायब रहने के आरोप लगे थे। यहाँ तक कि शहर के कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं का कहना है कि जनरल साहब ने गाज़ियाबाद को अपने कुछ निकटतम लोगों के सहारे छोड़ा हुआ है जो जिले में तैनात अफसरों पर अपना रौब गालिब खुद की राजनीति चमका रहे हैं। जनरल वीके सिंह 2014 के लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीते थे। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने सभी विरोधियों को चित करते हुए भारी जीत हासिल की थी।

व्हाट्सएप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version