बुलंदशहर – मुस्लिम संगठनों ने की दंगे में हुए नुकसान की भरपाई, जमा किया ₹ 6.27 का ड्राफ्ट

पिछले शुक्रवार को (20 दिसंबर) संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में हुए दंगे के दौरान बुलंदशहर में प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया था। अब शहर के एक मुस्लिम समूह ने क्षतिपूर्ति की भरपाई के लिए यूपी सरकार को 6.27 लाख रुपए का ड्राफ्ट दिया है। इससे पहले कि प्रदर्शन में नुकसान की भरपाई का नोटिस जिला प्रशासन भेजता, उससे पहले ही मुस्लिम समूह ने पैसे दे दिए। समूह ने नुकसान हुई संपत्ति के अनुमानित मूल्य के बराबर का ड्राफ्ट सरकार को सौंपा है।

मुस्लिम समूह के कुछ लोगों ने जिला अधिकारी रवींद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार को शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद डिमांड ड्राफ्ट सौंपा। उन्होंने बताया कि ये राशि मुस्लिम समाज के लोगों से इकट्ठा की गई है। मुस्लिम समूह ने ड्राफ्ट के साथ अधिकारियों को एक पत्र भी सौंपा, जिसमें हिंसा की निंदा की गई है। प्रदर्शनकारियों ने 20 दिसंबर को पुलिस की एक जीप में आग लगा दी थी और एक वायरलेस सेट को नुकसान पहुंचाया था।

डीएम रवींद्र कुमार ने कहा कि मामला शांति से और बगैर आधिकारिक प्रक्रिया के चालू किए ही निपट गया, यह अच्छा हुआ. उत्तर प्रदेश सरकार ने एक सर्कुलर जारी कर 498 असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया था। ये लोग सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल थे। सर्कुलर के मुताबिक, सरकार जल्द ही इन लोगों की संपत्ति जब्त करने वाली थी।

दरअसल संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की खबर सामने आने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए 19 दिसंबर को एक निर्देश दिया था। उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि वे प्रदर्शनकारियों की पहचान करें और उनसे नुकसान की भरपाई की जाए। नुकसान हुई संपत्ति के आकलन की प्रक्रिया 30 दिसंबर तक चलेगी। 2009 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक, अगर प्रदर्शन हिंसक हो जाता है और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान होता है तो सरकार प्रदर्शनकारियों से इसकी भरपाई कर सकती है। इलाहाबाद हाईकोर्ट भी ऐसा फैसला दे चुका है।

व्हाट्सएप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version