अरिहंत चेरिटेबल एजुकेशनल ट्रस्ट की बच्चियों ने बनाईं आकर्षक पोशाकें

गाज़ियाबाद। चंद्रपुरी स्थित एमबी गल्र्स स्कूल में अरिहंत चेरिटेबल एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से संचालित मुफ्त सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र से प्रशिक्षित छात्राओं द्वारा बनाई गईं पोशाकों को देखकर लोग अभिभूत हो उठे। इन पोशाकों को मात्र आठ महीनों के प्रशिक्षण के बाद गरीब छात्राओं ने बनाया है। एक समारोह में इन पोशाकों का सार्वजनिक प्रदर्शन किया गया। गाजियाबाद नगर निगम के अपर मुख्य नगर अधिकारी आरएन पांडे, मेवाड़ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डाॅ. अशोक कुमार गदिया, एमबी गल्र्स काॅलेज की प्रधानाचार्या डाॅ हेमलता राजपूत, अरिहंत चेरिटेबल एजुकेशनल ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष डाॅ अलका अग्रवाल इस अवसर पर प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इसका सफल संचालन कवि व पत्रकार डाॅ चेतन आनंद ने कुशलतापूर्वक किया। समारोह में अपर मुख्य नगर अधिकारी आरएन पांडे ने कहा कि ट्रस्ट के कार्यों को देखकर वे बहुत प्रभावित हुए हैं। अच्छा हो कि नगर निगम के अन्य विद्यालयों के बच्चों को भी ट्रस्ट प्रशिक्षण केन्द्र खोलकर प्रशिक्षित करे। मेवाड़ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डाॅ अशोक कुमार गदिया ने कहा कि गरीब तबके की लड़कियों को प्रशिक्षित करने का जो बीड़ा ट्रस्ट की अध्यक्ष डाॅ अलका अग्रवाल ने उठाया है, वह सराहनीय और प्रशंसनीय है। इससे लड़कियां अवश्य ही लाभान्वित होंगीं और इसे करियर के रूप में चुनेंगीं। करियर ही नहीं चुनेंगीं बल्कि अन्य बच्चियों को भी प्रशिक्षित करेंगीं।

आभार व्यक्त करते हुए ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष डाॅ. अलका अग्रवाल ने कहा कि ट्रस्ट और भी सरकारी विद्यालयों में प्रशिक्षण केन्द्रों की स्थापना कर लड़कियों को स्वावलम्बी बनाएगा। ट्रस्ट का यह संकल्प है। लड़कियों को प्लेसमेंट भी दिया जाएगा। कम समय में छात्राओं को अच्छी तरह से प्रशिक्षित करने के लिए उन्होंने ट्रेनर लक्ष्मी व नेहा का आभार व्यक्त किया। समारोह में लड़कियों को सिलाई व कंप्यूटर में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर प्रमाण पत्र, उपहार व कुर्तियां देकर पुरस्कुत किया गया। कार्यक्रम ने आए अतिथियों को शाॅल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रियंका कश्यप, शाहीन, जेबा, लक्ष्मी सोनी व मुस्कान ने अपने विचारों में ट्रस्ट से प्रशिक्षित होने पर खुशी जाहिर की और इसके प्रति अपना आभार व्यक्त किया। इस मौके पर नितिन, योग शिक्षिका प्रमिला सिंह, शोभा आदि भी मौजूद रहे।

 

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version