मोरटी के खेतों में कूड़ा डालने पर हंगामा, रोकीं निगम की गाड़ियां

गाज़ियाबाद। मोरटी गांव के खेतों में कूड़ा डालने पर रविवार को हंगामा खड़ा हो गया। वहां से गुजर रही नगर निगम की कूड़ा गाड़ियों को आसपास की सोसायटी के लोगों ने रोक लिया। लोगों ने आरोप लगाया कि निगम की गाड़ियां रात में चुपके से कूड़ा डाल जाती हैं। जबकि, यह क्षेत्र वायुसेना के फ्लाइंग जोन का हिस्सा है। तीन घंटे तक विरोध चला। लोग अड़े रहे कि यहां से कूड़ा हटाया जाए। कूड़ा गाड़ियां रुकने पर मामला नगर निगम अधिकारियों तक पहुंचा। अधिकारियों ने निगम द्वारा कूड़ा डाले जाने की बात को सिरे से खारिज कर दिया। बताया कि साहिबाबाद मंडी का ठेकेदार यहां कूड़ा डाल रहा है। लोग तब शांत हुए, जब निगम की गाड़ियों से वहां पड़ा कूड़ा उठवा दिया गया।

राजनगर एक्सटेंशन में राज एंपायर सोसायटी के सामने मोटरी गांव में खेत हैं। कुछ दिनों से वहां रात में गाड़ी आकर कूड़ा डाल रही थी। आसपास की सोसायटी के लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम अधिकारियों से की। यह क्षेत्र ग्राम पंचायत में होने के कारण निगम अधिकारियों ने उनकी शिकायत को अनसुना कर दिया। रविवार सुबह 11 बजे राज एंपायर सोसायटी के लोगों ने वहां से कूड़े से भरी नगर निगम की गाड़ियों को जाते देखा। उन्होंने निगम की गाड़ियों को रोक कर विरोध करना शुरू कर दिया। यहां कूड़े से लदे टिपर, डंफर और ट्रकों की लाइन लग गई। लोगों ने आरोप लगाया कि निगम की गाड़ियां ही रात में चुपके से कूड़ा डाल रही हैं। लोगों ने इस मामले की शिकायत वायुसेना के अधिकारियों से भी की।

उन्हें बताया कि वायुसेना के फ्लाइंग जोन निगम कूड़ा डाल रहा है। नगर निगम अधिकारियों ने लोगों के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि इस कूड़े में सब्जियां हैं। यह कूड़ा साहिबाबाद मंडी से लाकर डाला जा रहा है। मंडी की सफाई करने वाला ठेकेदार यहां कूड़ा डाल रहा है। इस तरह का काम साहिबाबाद सब्जी मंडी का ठेकेदार पहले भी कर चुका है। निगम ने उसके खिलाफ साहिबाबाद और इंदिरापुरम थाने में मुदकमा दर्ज कराया है।

निगम अधिकारियों ने बताया कि मोरटी ग्राम पंचायत में आता है। ऐसे में वह कोई कार्रवाई नहीं कर सकते। लोगों को अवगत कराया कि इस रास्ते से उनकी गाड़ियां भोवापुर जाती हैं। वहां लीज पर जमीन लेकर कूड़ा निस्तारण किया जाता है।लोग फिर भी अड़े रहे। यहां से कूड़ा हटवाने की मांग करते रहे। लोगों की मांग पर निगम ने अपनी गाड़ियां लगाकर वहां से कूड़ा हटवाया। दोपहर करीब 2 बजे विरोध शांत हुआ।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version