बाइक सवार बदमाशों ने ठेली वाले को मारी गोली, मौत

गाज़ियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाग राणप इलाके में शुक्रवार रात करीब आठ बजे बाइक सवार दो लोगों ने घर के बाहर ठेली लगाए फास्टफूड विक्रेता को गोली मार दी। गोली आंख के पास लगी। उसने जीटीबी अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मूलरूप से शाहजहांपुर के रहने वाले कय्यूम (45) अपनी पत्नी रेशमा दो बेटे फहीम और रहीम के साथ एक साल से बाग राणप स्थित मनोज के मकान में रहते थे। वह घर के पास ही चाऊमीन और अंडे की ठेली लगाते थे। सोशल मीडिया पर कय्यूम के बेटे फहीम की एक वीडिया वायरल हुई है। वीडियो में फहीम ने बताया कि बीते 26 अक्टूबर को वह कालोनी में खड़े थे। कुछ लोगों ने बाइक सवार युवकों को रुकने के लिए कहा। उसने युवकों को रोक दिया। युवकों ने बाइक से उतरकर फहीम से मारपीट की। फहीम ने पुलिस को तहरीर दी थी। फहीम ने बताया कि दो दिनों पहले मारपीट करने वाले दबंग घर में आए और कार्रवाई वापस लेने का दबाव बनाया।

शुक्रवार रात कय्यूम और फहीम घर के बाहर ठेली पर खड़े थे। घर में पत्नी रेशमा और रहीम थे। आरोप है कि वही लोग बाइक से आए और फहीम पर फायरिंग कर दी। फहीम किसी तरह बच गया, लेकिन गोली फहीम के पिता कय्यूम के आंख के पास लगी। वह ठेली पर ही गिर गए। बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग गए। गोली चलने की आवाज से आसपास कालोनी में हड़कंप मच गया। वहां जुटे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। कय्यूम को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना ने बताया कि जांच में मृतक के एक जानकार से पूर्व विवाद में गोली मारने का मामला सामने आया है।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version