प्रशासन ने खोड़ा नगरपालिका चेयरमैन को कारण बताओ नोटिस जारी कर मांगा जवाब

गाज़ियाबाद। नगरपालिका क्षेत्र खोड़ा-मकनपुर की चेयरमैन रीना भाटी को प्रशासन की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन पर आरोप है कि नगरपालिका बनने के बाद बीते दो वित्तीय वर्षो का संपत्ति कर नहीं लगाया गया है। साथ ही टैक्स उपविधि को पास करने में रुकावट पैदा की गई है। एक सप्ताह में जवाब नहीं देने पर उनके अधिकार सीमित किए जा सकते हैं। उधर, चेयरमैन का कहना है कि नोटिस आने पर जवाब दिया जाएगा।

नियमों के अनुसार नगरपालिका बनने के बाद खोड़ा-मकनपुर क्षेत्र में साल 2017-18 और 2018-19 में संपत्ति कर लगाया जाना था। शासन की ओर से इसके लिए कर प्रणाली तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। चेयरमैन पर आरोप हैं कि दोनों सालों में लोगों पर कर लगाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे नगरपालिका की आमदनी शून्य रही। चेयरमैन रीना भाटी पर ही बोर्ड में कर प्रणाली पास नहीं करने के आरोप हैं। अब नगरपालिका को शासन की ओर से मिलने वाला फंड रुक सकता है। ऐसे में नगरपालिका के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का वेतन रुक जाएगा।

शासन की ओर से चेयरमैन रीना भाटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस ईमेल के जरिए रीना भाटी को भेजा गया है और इसकी एक कॉपी जिलाधिकारी को भी ईमेल से भेजी गई है। नोटिस में चेयरमैन के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सीज करते हुए पद से हटाने की भी चेतावनी दी है। सात दिन में नोटिस का जवाब दिया जाना है।

उधर, चेयरमैन रीना भाटी ने बताया कि उन्हें नोटिस नहीं मिला है, नोटिस मिलते ही जवाब दाखिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगरपालिका अधिशासी अधिकारी लगातार बोर्ड बैठक नहीं होने दे रहे। नगरपालिका के रजिस्टर भी उन्हें नहीं देखने दिए जाते। बीते वर्ष तक टैक्स इंस्पेक्टर नहीं था, ऐसे में नगरपालिका में कर निर्धारित करना मुश्किल था। नोटिस का जवाब देने के साथ ही जल्द ही कार निर्धारण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version