ट्रेन में उगाही करने वाली महिलाओं की आमदनी है ₹2,000 प्रतिदिन, पकड़े गए तो जुर्माना सिर्फ ₹500 !

आरपीएफ ने शनिवार को ट्रेन में जिन आठ महिलाओं को यात्रियों से वसूली करने के आरोप में जुर्माना लगाकर छोड़ा था, उनमें से सात महिलाएं रविवार को भी वसूली करते हुए फिर से पकड़ी गई। रविवार को भी इन महिलाओं पर नियमों के अनुसार जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया। गिरफ्तार महिलाओं पर हर बार 500 से एक हजार रुपये तक का जुर्माना लगाकर छोड़ दिया जाता है। जबकि आपको यह जानकार आश्चर्य होगा कि ये महिलाएं प्रतिदिन यात्रियों से दो हजार रुपये तक की वसूली करती हैं।

दरअसल, आरपीएफ को पिछले काफी दिन से ट्रेन में यात्रियों से भीख मांगने के नाम पर वसूली करने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों की पुष्टि करने के लिए सादे कपड़ों में आरपीएफ थाना प्रभारी पीकेजीए नायडू ने ट्रेनों का जायजा लिया। उन्होंने ट्रेन में देखा की महिलाएं स्लीपर कोच में सोते हुए लोगों को उठाकर जबरन भीख मांग रही हैं। पैसे नहीं देने पर मारपीट और बदसलूकी कर रहीं थीं। थाना प्रभारी ने मोबाइल से उनकी वीडियो बनाई। इसके बाद उन्होंने इस मामले से आरपीएफ के आला अधिकारियों को अवगत कराया। अफसरों ने महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद आरपीएफ के जवानों ने दो हफ्ते से ट्रेन में यात्रियों से जबरन वसूली करने वाली महिलाओं के खिलाफ अभियान चला रखा है। पिछले दो सप्ताह में आरपीएफ ने ट्रेन में वसूली करने के आरोप में 50 से ज्यादा महिलाओं को गिरफ्तार किया। उन्हें रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां उन पर 500 से 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया। जबकि महिलाएं प्रतिदिन यात्रियों से एक हजार से दो हजार रुपये तक वसूली करती हैं। ऐसे में 500 रुपये का जुर्माना उनके लिए कोई मायने नहीं रखता। जुर्माने की रकम चुका कर अगले दिन महिलाएं फिर से वसूली करना शुरू कर देती हैं।

निशा नाम की महिला को आरपीएफ दो हफ्ते में तीन बार जुर्माना लगाकर छोड़ चुकी है। आरपीएफ ने शनिवार को आठ महिलाओं को वसूली करते हुए गिरफ्तार किया था। जुर्माना लगाकर इनको छोड़ दिया गया था। रविवार को भी इनमें से सात महिलाओं को दोबारा से आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान फरजाना, तमन्ना, समा, कांता, बीरो, तमन्ना व सीमा के रूप में हुई हैं। ये सभी दिल्ली की रहने वाली हैं। इनको आरपीएफ ने काशी विश्वनाथ ट्रेन से गिरफ्तार किया।

आरपीएफ थाना प्रभारी पीकेजीए नायडू का कहना है कि जुर्माना लगाने के बाद महिलाएं अगले दिन दोबारा से ट्रेन में यात्रियों से वसूली करना शुरू कर देती हैं। हम ऐसी महिलाओं का रिकॉर्ड तैयार कर रहे हैं। मजिस्ट्रेट के समक्ष बार-बार वसूली करने वाली महिलाओं के गिरफ्तार होने के बारे में बताया जाएगा। इसके बाद मजिस्ट्रेट आरोपित महिलाओं को जेल भेजने पर विचार कर सकते हैं।

व्हाट्सएप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version