महिला कल्याण विभाग की शानदार पहल – कन्या जन्म पर माँ को मिलेंगे उपहार

अब घर में बेटे के जन्म पर ही नहीं बेटी के जन्म पर भी खुशियां मनाई जाएंगी। महिला कल्याण विभाग की ओर से अब बेटी के जन्म पर मां को उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बेटियों के जन्म की सूची तैयार करने के लिए शहर और गांवों में विभाग की ओर से टीम गठित की जाएंगी। 15 अगस्त तक इसकी कार्य योजना तैयार कर ली जाएगी।

कन्या भ्रूण हत्या को रोकने और लोगों की सोच बदने के लिए शासन के आदेश पर महिला कल्याण विभाग की ओर से यह पहल शुरू की जा रही है। बेटी के जन्म पर मां को विभिन्न प्रकार के उपहार विभाग की ओर से दिए जाएंगे। साथ ही बेटी के लिए बेबी किट के साथ ही कपड़ों के अलावा अन्य जरूरत की चीजें भी दी जाएंगी।

जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र का कहना है कि परिवार में जब बेटे का जन्म होता है तो लोग खुशी मनाते हैं, लेकिन जब उसी परिवार में बेटी जन्म लेती है तो लोग कोई खुशी मनाने से बचते हैं। लोगों की सोच बन चुकी है कि बेटियां परिवार में बोझ होती हैं। आज भी यह सोच ग्रामीण क्षेत्र में ज्यादा देखने को मिलती है। इस भावना को बदलने के लिए महिला कल्याण विभाग शासन के आदेश पर बेटी और उसकी मां को सम्मानित करने की पहल कर रहा है। साथ ही बालक-बालिका अनुपात बढ़ाने में भी इसकी मदद मिलेगी। इसमें शहर के एनजीओ की मदद ली जाएगी। सभी एनजीओ से इस बारे में बात की जा रही है।

अभी शहर के सात एनजीओ इसके लिए आगे आए हैं। इनमें से ज्यादातर एनजीओ महिलाओं और बालिका सशक्तिकरण के लिए काम कर रहे हैं। एनजीओ और विभाग की ओर से बजेंगे ढोल-नंगाड़ेबेटी के जन्म पर हर घर में खुशियां मनाई जाएंगी। परिजनों को बेटी के जन्म की जानकारी विभाग को देनी होगी। इस खुशी के मौके पर एनजीओ और महिला कल्याण विभाग की ओर से ढोल-नंगाड़े बजवाए जाएंगे। विभाग और एनजीओ ही इसमें आने वाले खर्चे को वहन करेंगे।

जिला प्रोबेशन अधिकारी का कहना है कि सरकार की ओर से इसके लिए कोई बजट नहीं आया है। एनजीओ की मदद से ही इस पर काम किया जाएगा और खुशी का जश्न मनाया जाएगा। इसके लिए विभागीय कर्मचारी घर जाकर देखेंगे कि जिस घर में बेटी का जन्म हुआ है, उन्हें किस योजना का लाभ नहीं मिल रहा। घर का कोई भी सदस्य यदि किसी योजना के लिए पात्र है और उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। योजना का लाभ दिलाने के लिए उसका तत्काल आवेदन किया जाएगा और योजना का लाभ दिया जाएगा। इस दौरान आसपास के लोगों को भी योजनाओं के लिए जागरूक किया जाएगा।

व्हाट्सएप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version