पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली, कांस्टेबल भी घायल

गाज़ियाबाद। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लूट व डकैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश को कविनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसका एक साथी फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल के हाथ में और बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ की सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।

एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि कविनगर पुलिस मननधाम रोड पर 16 मंजिल चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर के हाथ में गोली लग गई। फायरिंग करते हुए बदमाश भागने लगे तो पुलिस ने पीछा शुरू किया और जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वह थोड़ी दूर पर बाइक से गिर गया। जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान नंदनगरी दिल्ली निवासी वारिश उर्फ संजू बाबा के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी वारिस उर्फ संजू पर सिहानी गेट, कविनगर तथा दिल्ली के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक लूट व डकैती के मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। संजू पर 25 हजार का इनाम रखा गया था।

 

 

व्हाट्सएप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

Exit mobile version