भाजपा मंडल अध्यक्ष हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, दो की जांच में जुटी पुलिस

गाज़ियाबाद। शनिवार को डासना में भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. बीएस तोमर की हत्या के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में एक किशोरी के भागने के मामले में डॉ. तोमर ने एक पक्ष की पैरवी की थी। इसी मामले की रंजिश में किशोरी के भाई और उसके साथियों ने उनकी हत्या की है। इस मामले में मसूरी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार शर्मा और डासना चौकी प्रभारी संजय कुमार अत्री को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस अधिक्षक देहात नीरज कुमार जादौन ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई कर रविवार को आरोपी शाहरुख और तहसीम को गिरफ्तार कर लिया है और स्कूटी बरामद की। सलमान और अमन अभी फरार हैं, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में एक किशोरी अपने मकान में रहने वाले किशोर के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इस मामले में किशोरी पक्ष के लोगों ने किशोर के परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसमें डॉ. बीएस तोमर ने किशोर पक्ष की ओर से पुलिस से सही कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद से किशोरी पक्ष के लोग उनसे रंजिश रखने लगे। किशोरी के भाई अमन ने अपने साथियों के साथ उनकी हत्या की योजना बनाई थी। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के चलते मसूरी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार शर्मा और डासना चौकी प्रभारी संजय कुमार अत्री को निलंबित किया गया है। अपनी हत्या के डर से मंडल अध्यक्ष बीएस तोमर ने तीन दिन पहले पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी।

 

व्हाट्सएप के माध्यम से हमारी खबरें प्राप्त करने के लिए यहाँ क्लिक करें।

हमारा न्यूज़ चैनल सबस्क्राइब करने के लिए यहाँ क्लिक करें।
Follow us on Facebook http://facebook.com/HamaraGhaziabad
Follow us on Twitter http://twitter.com/HamaraGhaziabad

 

Exit mobile version