गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र के भोवापुर से लापता दो बच्चों के शव शुक्रवार को हिंडन नहर में मिले। शुक्रवार सुबह को नहर किनारे दोनों के कपड़े मिलने पर गोताखोरों ने तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिए। पुलिस नहाते समय दोनों के डूबने की आशंका व्यक्त कर रही है। हालांकि, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
कौशांबी के भोवापुर निवासी मोहित ने बताया कि उनका 11 वर्षीय बेटा रोहन और पड़ोस में रहने वाले मोनिस का 13 वर्षीय बेटा समीर बृहस्पतिवार सुबह घर से खेलने के लिए निकले थे। निकाय चुनाव होने के कारण परिजन ने बच्चों को लेकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। देर शाम तक दोनों बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन कौशांबी थाने में सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की। रात में दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार सुबह दोनों के कपड़े खोड़ा के पास हिंडन नहर के किनारे मिले। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नहर में उनकी तलाश शुरू की। इसमें खोड़ा थाना और दिल्ली के गाजीपुर थाना पुलिस की मदद ली। दोपहर करीब एक बजे दोनों का शव नहर में खोड़ा व गाजीपुर के पास में मिला।
पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सहायक पुलिस आयुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नहाते समय दोनों बच्चों की डूबने से मौत होने की बात सामने आई है। जांच की जा रही है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Discussion about this post