उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह प्रचंड गर्मी 30 अप्रैल तक जारी रहेगी, लेकिन 1 मई से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी और लू से राहत मिल सकती है।
गर्मी और लू का हाल दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिमाचल प्रदेश के ऊना में तापमान 41.6 डिग्री तक पहुँच गया, जो इस वर्ष का सबसे ऊँचा स्तर है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है।
1 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज IMD के अनुसार, 1 मई से उत्तर भारत में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। 30 अप्रैल से 4 मई तक उत्तर पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और गरज के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में 1 और 2 मई को धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है। तेज हवाएं 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में भी खराब रहेगा मौसम तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा। कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
हीट स्ट्रोक का खतरा और बचाव के उपाय भीषण गर्मी और लू के बीच हीट स्ट्रोक का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। आवश्यक हो तो छाता और पानी की बोतल साथ रखें।
हीट स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण
सिर चकराना या बेहोश हो जाना
शरीर में पानी की कमी
अधिक पसीना आना या पसीना आना बंद हो जाना
शरीर का तापमान अचानक बढ़ जाना
बचाव के उपाय
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
हल्के और ढीले कपड़े पहनें
दोपहर के समय घर से बाहर न निकलें
ठंडी जगह पर रहें
हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल ले जाएं
Discussion about this post