उत्तर-पश्चिम भारत समेत देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भीषण गर्मी ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। कई इलाकों में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले एक सप्ताह तक लू चलने और रात के समय भी गर्म व उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की है।
भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं ये राज्य आईएमडी के अनुसार, बीते 24 घंटों में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र, बिहार और ओडिशा में भीषण गर्मी दर्ज की गई। वहीं झारखंड, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में गर्म और आर्द्र वातावरण बना रहा। राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से क्रमशः 1.9 और 3.0 डिग्री अधिक है।
इन राज्यों में लू की चेतावनी मौसम विभाग ने बताया है कि:
पूर्वी मध्य प्रदेश में 27 अप्रैल तक,
पश्चिम मध्य प्रदेश में 29 अप्रैल तक,
पश्चिमी राजस्थान में 24-29 अप्रैल के दौरान,
उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल (गंगा क्षेत्र) में 26 अप्रैल तक,
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में 25-29 अप्रैल तक,
छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 24-25 अप्रैल को लू चल सकती है।
इन इलाकों में रात के समय भी मौसम गर्म और भारी उमस भरा बना रहेगा, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में वर्षा का अनुमान इस भीषण गर्मी के बीच एक राहत की खबर पूर्वोत्तर और हिमालयी क्षेत्रों के लिए है।
पश्चिमी हिमालय में एक नया विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे 24 से 26 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
वहीं पूर्वोत्तर भारत, जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 7 दिनों के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटा) के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 24 और 26 अप्रैल को भारी वर्षा की भी संभावना है।
दक्षिण गुजरात, केरल और माहे में भी गर्म और आर्द्र मौसम बना रहेगा।
सावधानी और सुझाव मौसम विभाग ने लोगों को इस दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है:
दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच धूप में बाहर जाने से बचें।
पानी और तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें।
बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को लू से विशेष सुरक्षा दें।
खुले स्थानों में काम करने वालों के लिए पर्याप्त छाया और पानी की व्यवस्था करें।
Discussion about this post