72 साल के रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की निजी ज़िंदगी हमेशा से रहस्यों से भरी रही है। उनकी शादी, बच्चे और प्रेम संबंधों को लेकर अक्सर चर्चाएं होती रहती हैं, लेकिन हाल ही में एक ऐसा खुलासा हुआ है जिसने एक बार फिर दुनिया का ध्यान खींचा है।
सितंबर 2024 में एक विदेशी मैगजीन ने दावा किया था कि पुतिन के दो बेटे हैं जो गुप्त जिंदगी जी रहे हैं। इस खबर के सात महीने बाद अब आखिरकार पुतिन के बड़े बेटे की एक कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिससे दुनिया भर में हलचल मच गई है।
कौन है पुतिन का बेटा इवान? टेलीग्राम चैनल VChK-OGPU ने एक तस्वीर शेयर करते हुए दावा किया है कि इसमें जो लड़का नजर आ रहा है, वही पुतिन का बड़ा बेटा इवान है। खास बात यह है कि दूसरी तस्वीर में इवान के साथ पुतिन की कथित प्रेमिका और पूर्व ओलंपिक जिमनास्ट एलिना काबेवा भी दिखाई दे रही हैं।
द मॉस्को टाइम्स ने क्रेमलिन विरोधी एक डोज़ियर के हवाले से बताया था कि इवान का जन्म 2015 में स्विट्ज़रलैंड में हुआ था। इवान, व्लादिमीर पुतिन और एलिना काबेवा के बीच जन्मा पहला बेटा माना जाता है।
इवान की परवरिश और शिक्षा इवान की पढ़ाई मॉस्को में हो रही है। वह रूसी और अंग्रेज़ी भाषा सीख रहे हैं। इसके अलावा उन्हें जिम और तैराकी की खास ट्रेनिंग भी दी जाती है। रिपोर्ट के मुताबिक, इवान आम लोगों की नजरों से दूर रहते हैं और बहुत कम ही सार्वजनिक तौर पर नजर आते हैं। वह घर से बाहर तब ही निकलते हैं जब कोई बड़ा कार्यक्रम होता है।
पुतिन जूनियर: एक और बेटा भी है चर्चा में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पुतिन का एक और बेटा है, जिसकी उम्र अभी मात्र 6 साल है और उसका नाम पुतिन जूनियर बताया गया है। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुतिन की पहली शादी और बेटियाँ पुतिन ने 1983 में ल्यूडमिला पुतिना से शादी की थी। इस शादी से उनकी दो बेटियाँ हैं – मारिया और येकतेरिना – जिनकी शादियाँ हो चुकी हैं। 2013 में पुतिन और ल्यूडमिला का तलाक हो गया था, जिसके बाद कहा जाता है कि पुतिन ने गुपचुप तरीके से एलिना काबेवा से शादी की।
क्या इवान बनेंगे उत्तराधिकारी? डोज़ियर सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक, जब इवान का जन्म हुआ, तो पुतिन बहुत खुश हुए थे और टेबल पर हाथ मारते हुए बोले थे – “आख़िरकार बेटा हुआ!”। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इवान की शक्ल बचपन के व्लादिमीर पुतिन से काफी मिलती है और उन्हें ही रूस का भविष्य का नेता माना जा रहा है।
रूस का संविधान फिलहाल पुतिन को ताउम्र राष्ट्रपति बनने की इजाजत देता है, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि भविष्य में संविधान में बदलाव कर इवान को सत्ता का उत्तराधिकारी बनाया जा सकता है। हालांकि, क्रेमलिन ने अब तक इन दावों को न तो खारिज किया है और न ही स्वीकार।
क्या रूस में राजनीतिक विरासत की शुरुआत होने जा रही है? जिस तरह से इवान को मीडिया से दूर रखा गया है और अब उनकी तस्वीर सामने आई है, यह संकेत हो सकता है कि रूस में पुतिन एक राजवंशीय सत्ता प्रणाली की नींव रखने जा रहे हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या आने वाले वर्षों में इवान वाकई रूसी राजनीति में उतरते हैं, या फिर ये सब केवल अटकलें हैं।
Discussion about this post