नए नेतृत्व के साथ, वायु सेना की नई उड़ान: एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह

भारतीय वायु सेना:- अपने नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। रक्षा मंत्रालय ने एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह को वायु सेना का अगला प्रमुख नियुक्त करने की घोषणा की है। यह नियुक्ति 30 सितंबर 2024 को वर्तमान प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी के पद मुक्त होने के बाद प्रभावी होगी।
27 अक्टूबर 1964 को जन्मे एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह ने दिसंबर 1984 में भारतीय वायु सेना के लड़ाकू पायलट स्ट्रीम में कदम रखा। लगभग 40 वर्षों की सेवा में, उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण कमांड, स्टाफ और विदेशी नियुक्तियों में अपनी क्षमताओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। एक अनुभवी उड़ान प्रशिक्षक और प्रायोगिक परीक्षण पायलट के रूप में, उनके पास 5,000 घंटे से अधिक उड़ान अनुभव है।
एयर मार्शल सिंह ने एक ऑपरेशनल फाइटर स्क्वाड्रन और एक फ्रंटलाइन एयर बेस की कमान संभाली है। उनके नेतृत्व में, उन्होंने मास्को में मिग-29 अपग्रेड प्रोजेक्ट का सफल प्रबंधन किया। इसके अलावा, नेशनल फ्लाइट टेस्ट सेंटर में प्रोजेक्ट डायरेक्टर के रूप में उन्होंने तेजस विमान की उड़ान परीक्षण का कार्य संभाला।
दक्षिण पश्चिमी और पूर्वी वायु कमान में उनके महत्वपूर्ण योगदानों ने भारतीय वायु सेना की रणनीतिक क्षमताओं को और मजबूत किया है। एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह की नियुक्ति वायु सेना के लिए नई संभावनाओं और चुनौतियों का संकेत है।
Exit mobile version