डॉग अटैक : बुजुर्ग महिला को कुत्तों के झुंड ने मार डाला, घर से टहलने निकली थी

File photo

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में डॉग अटैक की बड़ी घटना हो गई। यहां बुजुर्ग महिला को आवारा कुत्तों के झुंड ने नोंचकर मार डाला। महिला की उम्र 108 साल थी। कुत्तों ने अटैक उस वक्त किया, जब वह घर से टहलने निकली थी। फिलहाल परिजन बुजुर्ग के शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुटे हैं।
घटना अमरोहा नगर कोतवाली इलाके की फ्रेंड्स कॉलोनी की है। कॉलोनी में ही 108 साल की बुजुर्ग महिला रामकली पत्नी स्वर्गीय लल्लू सिंह अपने परिवार के साथ रहती थीं। बुधवार सुबह उनका शव कॉलोनी के पास लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। शव के पैर, हाथ और पेट को बुरी तरह नोचा गया था। बताया जा रहा है कि आवारा कुत्तों के झुंड ने आज तड़के जब वह टहलने के लिए निकलीं थीं तब हमला कर दिया। बुजुर्ग की आवाज कम होने के चलते आसपास के लोगों को नहीं सुनाई दी। बुजुर्ग को कुत्ते तब तक नोचते रहे जब तक बुजुर्ग की जान नहीं चली गई। बुजुर्ग महिला के पोते सनी कुमार ने बताया कि वह अब बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे हैं।
इलाके में दहशत
कुत्तों ने बुजुर्ग के पेट को भी फाड़ डाला। इसकी वजह से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के समय महिला कॉलोनी में टहलने निकली थी। इस घटना के बाद से कालोनी के लोगों में दहशत का माहौल कायम है।
Exit mobile version