प्री मानसून की बारिश में अयोध्या के हालात खराब, रेलवे स्टेशन की बाउंड्रीवॉल ढही, सीवरेज सिस्टम फेल

अयोध्या। उत्तर प्रदेश में प्री मानसून की बारिश के साथ ही अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन की बाउंड्रीवाल ढह गई। कुल मिलाकर यह दीवार छह महीने भी नहीं चली, क्योंकि 30 दिसंबर को खुद पीएम मोदी ने स्टेशन का उद्घाटन किया था। इलाके के घरों व मंदिरों में सीवरेज का पानी घुस गया है और लोग खासे परेशान हैं।
इमामबाड़ा की रोड धंस गई, यहां सीवर फेल हो गया। बिरला धर्मशाला के सामने मंदिर में सीवर का गंदा पानी भर गया। कई अन्य क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। लोगों ने कहा- पहली बारिश में ही नगर निगम समेत पीडब्ल्यूडी के कारनामों की कलई खुलकर रह गई है। फतेहगंज पुष्पराज चौराहे के बीच पुलिस लाइन के पास सड़क धंस गई। आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, अयोध्या में 44 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रविवार सुबह बादल छाए रहे, फिर दोपहर 12 बजे हल्की धूप है। IMD के करेंट वेदर अपडेट के मुताबिक दोपहर में अधिकतम पारा 35°C रिकॉर्ड किया गया।
प्री मानसून है एक्टिव
प्री-मानसून एक्टिव हो गया है। इसके चलते शनिवार को दिन और रात में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हुई। शनिवार का अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम तापमान 27°C दर्ज किया। कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक, बारिश से फसलों को फायदा पहुंचा है। मौसम विभाग ने आज भी अयोध्या के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। अयोध्या में रुक-रुक कर क्षेत्र में हो रही बारिश से सबसे ज्यादा फायदा गन्ना, मक्का और साग-सब्जी की खेती को होगा। धान की नर्सरी डालने वाले किसानों को भी बड़ी राहत मिली है। कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम विज्ञानी डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया- बंगाल की खाड़ी से निकलने वाला मानसून तेजी के बढ़ रहा है। मानसून जब उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा तो तराई वाले क्षेत्र देवरिया, महाराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थ नगर में पहले बरसेगा।
Exit mobile version