अतीक के भाई अशरफ की फरार पत्नी का घर प्रशासन ने ढहाया

प्रयागराज। मरहूम माफिया अतीक के भाई अशरफ की पत्नी व पुलिस की 25 हजार की फरार इनामी फातिमा जैनब के घर पर प्रशासन का बुलडोजर गरज गया। इस मकान को प्रशासन ने गिराने की कवायद शुरू कर दी है। भारी मात्रा में पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंचे और इस घर को ढहाने का काम शुरू कर दिया। अफसरों का दावा है कि वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जा करके यह आलीशान इमारत खड़ी की गई थी।
अफसरों ने बताया कि जैनब के घर के सटा हुआ उसके भाई जैद मास्टर का घर बना हुआ है। दोनों ने वक्फ बोर्ड की संपत्ति पर कब्जा करके आलीशान घर बनाया था। यह जमीन करीब 50 करोड़ रुपए की है। जैनब का मकान अतीक के घर से करीब 3 किमी की दूरी पर बना हुआ है। 26 फरवरी 2023 को प्रयागराज में वकील उमेश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तब से अशरफ की पत्नी जैनब फरार है। 15 अप्रैल को 2023 को प्रयागराज में अशरफ और अतीक की हत्या कर दी गई थी, तब से जैद मास्टर भी फरार था। अब तक अतीक अहमद, भाई अशरफ और गैंग की 1800 करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। 13 मकान पर बुलडोजर चल चुका है।
तीन मंजिला है मकान
जैनब के मकान के बगल में 400 गज में उसके भाई जैद मास्टर का मकान बना था। उसे भी तोड़ दिया गया। मकान से सटे 600 वर्ग गज खाली प्लाट की बाउंड्री गेट गिराया गया।
ड्रोन से हो रही निगरानी
जैनब के मकान पर कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। किसी तरह का कोई हंगामा ना हो, इसलिए ड्रोन से एरिया की निगरानी की जा रही है। हालांकि वहां शांति व्यवस्था कायम है।
Exit mobile version