कानपुर से अगले महीने दिल्ली-मुंबई को दो फ्लाइट्स मिलेंगी, शेड्यूल जारी

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में स्थित एयरपोर्ट से अगले महीने दो और फ्लाइट शुरू हो सकती हैं। दिल्ली और मुंबई के लिए अकासा एयरलाइंस फ्लाइट शुरू कर सकती है। मौजूदा समय में दिल्ली और मुंबई के लिए इंडिगो फ्लाइट ऑपरेट कर रही है।
अकासा की उड़ान शुरू होने के बाद यात्रियों के लिए सुविधा बढ़ जाएगी। कानपुर एयरपोर्ट से कुल 5 फ्लाइट का ऑपरेशन शुरू हो जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने समर के जारी शेड्यूल में अकासा की दो फ्लाइटों को टाइम टेबल में शामिल भी कर लिया है। अभी इंडिगो की तीन सेवाएं कानपुर से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए चल रही है। वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी के अफसरों ने बताया कि कानपुर से अकासा और स्पाइस जेट ने नई फ्लाइट शुरू करने की पेशकश की थी। कानपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल में अब तीन एप्रेन हैं। इसका मतलब एक समय में तीन फ्लाइट खड़ी हो सकती हैं। अब नए टर्मिनल में पूरे दिन में 2 दर्जन से अधिक फ्लाइटों का संचालन हो सकता है। इसके बावजूद मौजूदा समय में 3 फ्लाइटें ही चल रही हैं। जबकि, शुरुआत में यहां से छह शहरों की फ्लाइटें चल चुकी हैं।
70 परसेंट की है भागीदारी
लखनऊ से दुबई वाया मुंबई या दिल्ली जाने वाले यात्रियों में 70 फीसदी भागीदारी कानपुर और आसपास के जिलों की रहती है। लखनऊ से दुबई औसतन 150-175 यात्री आते-जाते हैं। इसमें 110-118 यात्री कानपुर, फतेहपुर और आसपास जिलों के होते हैं। विमान कंपनियों के हिसाब से किसी एक शहर से किसी एक स्थान के लिए इतना लोड पर्याप्त माना जाता है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर संजय कुमार का कहना है कि अकासा ने कानपुर से हवाई सेवाएं शुरू करने की गुज़ारिश के लिए आवेदन दिया था। इस प्रस्ताव को अथॉरिटी ने हरी झंडी ही नहीं दी बल्कि समर शेडयूल में अकासा की दिल्ली और मुंबई हवाई सेवा को समयसारिणी में शामिल कर लिया है।
Exit mobile version