आतंकी हमले में उत्तर प्रदेश के दो लोगों की गई जान, सर्च आपरेशन जारी

जम्मू। देश के जम्मू-कश्मीर में श्रद्धालुओं की बस पर आतंकी हमले में जान गंवाने वालों में दो लोग उत्तर प्रदेश के भी निकले हैं। वहीं घायलों में बलरामपुर के सात व गोंडा 9 के लोग शामिल हैं। सीएम योगी ने इस हमले को कायराना बताया है।

रविवार को सेना जैसी वर्दी पहने हमलावर अचानक बस के आगे आ गया। बस जैसे ही रुकी, उसने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली ड्राइवर को लग गई। बस बेकाबू हो गई और 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। सिर्फ चीखें ही सुनाई दे रही थीं। गोंडा के भिखारीपुर सोहिला गांव निवासी देवी प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मैं परिवार के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन करने गया था। लौटते वक्त रास्ते में आतंकियों ने हमला कर दिया। बस पर 40 से 50 राउंड फायरिंग की। हम लोग घायल हो गए। हमारे साले दिनेश गुप्ता को कहां भर्ती किया गया? यह अभी पता नहीं है। घायलों का कई अस्पताल में इलाज चल रहा है। हम लोग सुरक्षित हैं, ज्यादा चोटें नहीं आई हैं। मझगवां के रहने वाले राजेश गुप्ता के बेटे राहुल गुप्ता ने घर पर बताया कि मुझे सुबह जानकारी हुई, तब हम लोगों ने पापा के पास फोन कर जानकारी ली। उन्होंने बताया- हम लोग दर्शन करके लौट रहे थे। शिव खेड़ी के पास आतंकवादियों ने हमला कर दिया। हम लोग घायल हैं। इलाज चल रहा है। सब खतरे से बाहर हैं। हम लोग भी ट्रेन से जम्मू-कश्मीर जा रहे हैं। गोंडा के मनकापुर के रहने वाले घायल दीपक कुमार राय के पड़ोसी अजय पांडे ने बताया रात में ही दीपक के घरवाले जम्मू-कश्मीर के लिए निकल गए। सभी वैष्णो देवी का दर्शन करने गए थे। लौटते वक्त हमला हुआ। दीपक के पैर में गोली लगी है, उसकी सर्जरी होगी। कई श्रद्धालुओं को गोली लगी। रियासी जिला कंट्रोल रूम की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी की राधा देवी की बाईं जांघ और लक्ष्मी देवी के दाहिने हाथ पर गोली लगी है। बंटी के कमर और पवन की रीढ़ में फ्रैक्चर हुआ। उषा देवी और दिनेश गुप्ता को गोली लगी है। दिनेश के दाएं पैर में फ्रैक्चर, माथे और सिर पर चोट के घाव हैं।

आश्रितों को 10 लाख तो घायलों को 50 लाख मुआवजा
जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने अपने बयान में कहा कि इस घटना में 9 लोगों की मौत हुई और 42 लोग घायल हैं। पुलिस, सीआरपीएफ और सेना ने तलाशी अभियान चलाया है। हमारी प्राथमिकता घायल लोगों को बचाना है। हमने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का फैसला किया है।

Exit mobile version