दो लाख का इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर, यूपी संग बिहार एसटीएफ ने मार गिराया

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने दो लाख के इनामी बदमाश को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। बदमाश निलेश राय बाइक से निकला था और चेकिंग कर रही पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की थी। इसी पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश मारा गया।
यह आपरेशन यूपी व बिहार की एसटीएफ समेत मुजफ्फरनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से किया। निलेश बिहार पुलिस का वांटेड था। 21 फरवरी को बिहार पुलिस पर फायरिंग करके भागा था। तभी से पुलिस उसे तलाश रही थी। उस पर हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी के 16 मुकदमे दर्ज हैं। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि बुधवार रात 11 बजे कल्याणपुर पुलिस चौकी पर यूपी STF और बिहार STF की अपराधियों के बारे में जानकारी ले रही थी। तभी बुढ़ाना की तरफ से एक बाइक पर 3 युवक आते दिखाई दिए। तीनों संदिग्ध लग रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका तो फायरिंग करते हुए खतौली-बुढ़ाना मार्ग की ओर भाग निकले। टीम ने बदमाशों का पीछा कर लिया। गांव इंचौड़ा के जंगल में बदमाशों की बाइक फिसल गई। 2 बदमाश फायरिंग करते हुए भाग गए। लेकिन एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया। टीम ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
असलाहे भी हुए बरामद
एसपी देहात ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के कुख्यात बदमाश नीलेश राय के हुई। वह बेगूसराय का रहने वाला है। बिहार सरकार ने उस पर 2 लाख का इनाम घोषित किया था। उसके पास से बाइक, 2 पिस्टल, 1 तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। एसपी देहात ने बताया कि 21 फरवरी 2024 को बेगूसराय पुलिस ने थाना गढ़हरा क्षेत्र में छापेमारी की थी, तब निलेश ने साथियों के साथ पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग की थी और मौके से भाग गया था। इस दौरान एक व्यक्ति को गोली लगी थी। बिहार पुलिस से बचने के लिए पिछले कुछ समय से बुढ़ाना में डेरा डाले हुए था।
Exit mobile version