मां-पत्नी-बच्चों की हत्या कर युवक ने किया सुसाइड

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शनिवार तड़के सनसनीखेज वारदात हो गई। यहां युवक ने अपने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। मां को गोली मारी। पत्नी को गोली मारने के बाद सिर हथौड़े से कूच दिया। वहीं तीन बच्चों को छत से फेंक कर मार दिया। फिर घर के बाहर आया, खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जाता है कि शराब के नशे में धुत होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटनाक्रम थाना रामपुर के पालापुर गांव का है। बताया जाता है कि सुबह करीब 5 बजे गांव वालों ने गोलियों की आवाज सुनी। इसके बाद वह अपने घर से बाहर निकल आए। अनुराग बंदूक लिए हुए घर से बाहर निकला था। इसके बाद उसने कनपटी पर बंदूक सटाकर गोली मार ली। जब तक गांव के लोग उसे रोकते, वह गोली चला चुका था। पड़ोसी घर के अंदर गए। घर के आंगन में तीनों बच्चे खून से लथपथ पड़े थे। ऐसा लग रहा था जैसे उन्हें छत से फेंका गया हो। कमरे में अनुराग की मां की लाश पड़ी थी। छत पर उसकी पत्नी की डेड बॉडी थी। फिर गांव वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया। क्राइम स्पॉट को सील कर जांच की जा रही है।
ढाई बजे तक हुआ परिवार में झगड़ा
गांव वालों ने बताया, अनुराग के पिता की मौत हो चुकी है। घर में 6 लोग ही रहते थे। अनुराग के पास पैसों की कोई कमी नहीं थी। उसके पास करीब 100 बीघा जमीन थी। पत्नी प्रियंका लखनऊ में एक इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी करती थी। 3 महीने से अनुराग नशा करने लगा था। वह आदी हो गया था। इसी बात को लेकर घर पर अक्सर झगड़ा होता था। प्रियंका उसे नशा मुक्ति केंद्र ले जाना चाहती थी। अनुराग को लगता था कि अगर नशा मुक्ति केंद्र जाएगा तो उसकी बेइज्ज्ती होगी। इसी बात को लेकर शुक्रवार देर रात भी झगड़ा शुरू हुआ था। काफी देर तक बहस होती रही, इस बीच ग्रामीणों ने आकर मामला शांत कराया। लेकिन इसके बाद भी उनके बीच झगड़ा होता रहा। इसके बाद देर रात होने के कारण गांव के लोग चले आए।
पत्नी का सिर हथौड़े से कूंचा
पति-पत्नी और बच्चे छत पर ही सो गए। जबकि मां घर के नीचे आकर सोईं। अनुराग छटपटाहट में कुछ देर टहलता रहा। सोने का नाटक करता रहा। सुबह करीब 5 बजे उसने घर के सभी लोगों को मार दिया। उसके मन में गुस्सा इस कदर था कि पत्नी को गोली मारने के बाद सिर हथौड़े से भी कूंचा। सीतापुर एसपी चक्रेश मिश्रा ने कहा- थाना रामपुर के पालापुर से सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली थी। 45 साल के अनुराग ने अपने परिवार के 5 सदस्यों की हत्या की। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। मरने वालों में अनुराग की पत्नी प्रियंका (40), तीन बच्चे अरना (12), अरवी (7), आद्विक (8) और 62 साल की मां सावित्री सिंह हैं। परिवार का कोई भी सदस्य नहीं बचा है। उसने ऐसा क्यों किया, इसकी जांच चल रही है। पड़ोसियों के मुताबिक अनुराग सिंह शराब का आदी था। वह मानसिक तनाव में रहता था।
Exit mobile version