बेटे के सामने पिता की चाकू मारकर हत्या, तीन अरेस्ट

नई दिल्ली। एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त युवक का 11 साल का बेटा वहां खड़ा यह सब कुछ देख रहा था। अचानक हुई वारदात को अंजाम देकर हमलावर भाग निकले। वहीं पुलिस ने तीन हमलावरों को कस्टडी में ले लिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।

दरअसल, एक आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ विजय (49) के घर के आसपास घूमता था। विरोध करने पर मार्च 2024 में आरोपियों का विजय से झगड़ा हो गया। दोनों ओर से हुई मारपीट में विजय के हाथ और पैर में फ्रेक्चर हुआ था। पुलिस ने दोनों ओर से शिकायत लेकर क्रॉस केस दर्ज किया था। उस समय मामले में दुष्कर्म, पॉक्सो और हत्या के प्रयास जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से विजय लगातार जख्मी था। तीन दिन पहले ही उसने दुकान पर आना शुरू किया था। हत्या की असली वजह क्या है, पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, विजय परिवार के साथ पंजाबी बस्ती, रोशनआरा रोड में किराए के मकान में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी मधु के अलावा पांच बेटियां और एक 11 साल का बेटा है। घर के सामने ही विजय की स्क्रेप की दुकान है। रविवार को वह दुकान पर मौजूद थे। इस बीच अचानक कार सवार लड़कों ने उन पर हमला कर दिया। जख्मी हालत में उनको नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।

पुलिस हल्के में लेती रही मामला
विजय के परिजनों का आरोप है कि आरोपी लगातार उनको मारने की धमकी दे रहे थे। पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। मौका मिलते ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम दे दिया। परिजन पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे हैं।

Exit mobile version