माफिया अतीक का शूटर बल्ली पंडित गिरफ्तार, 10 बम बरामद

प्रयागराज। मरहूम माफिया अतीक अहमद का शार्प शूटर बल्ली पंडित आखिरकार पकड़ा गया। बल्ली खुल्दाबाद के चकिया इलाके में झोले में बम लेकर घूमता देखा गया था। वह संदिग्ध लोगों से कई दिन से मुलाकात कर रहा था। ऐसे में माना जा रहा है कि बल्ली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। उसके पास से 10 बम भी बरामद हुए हैं।

27 मार्च को बल्ली और उसके साथी के खिलाफ खुल्दाबाद थाने में बालू कारोबारी श्याम पाल ने 20 लाख रुपए रंगदारी मांगने का केस दर्ज कराया था। करेली के रहने वाले श्याम पाल ने तहरीर में लिखा कि उससे 20 लाख की रंगदारी मांगी गई। असलहा सटाकर 20 हजार रुपए ले लिए गए। उमेश हत्याकांड से 5 दिन पहले बल्ली से मिलने शाइस्ता उसके नीवा स्थित घर गई थी। इसका सीसीटीवी भी सामने आया था। इसमें बल्ली पंडित दिखाई दिया था। शाइस्ता के साथ 5 लाख का इनामी शूटर साबिर भी नजर आया था। साबिर वही शख्स है, जिसने कार में बैठे उमेश पाल के गनर को गोली मारी थी। वीडियो वायरल होने के बाद बल्ली पंडित अंडरग्राउंड हो गया था।

पहले भी पकड़ा गया था आरोपी
उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस ने माफिया के खिलाफ अभियान चलाया था। तब अतीक गैंग के दर्जनों मेंबर जेल गए थे। तभी बल्ली पंडित के पकड़े जाने और पूछताछ की बात सामने आई थी। हालांकि, वह जेल नहीं गया था। तब माना जा रहा था कि पुलिस या एसटीएफ ने बल्ली को पकड़ा था। हालांकि अंत तक साफ नहीं हुआ था कि बल्ली को उठाया किसने था। उमेश पाल कांड के बाद से बल्ली अब पकड़ा गया है।

2002 में विधायक पर किया था हमला
राजू पाल और बल्ली पंडित की अदावत काफी पुरानी थी। 2002 में बल्ली पंडित ने बसपा विधायक रहे राजू पाल पर हमला किया था, तब बम भी चले थे। मामले में बल्ली पंडित हत्या के प्रयास में जेल गया था।

Exit mobile version