एकतरफा प्यार में ट्यूशन टीचर ने बच्चे की मां को गोली मारी

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में एक महिला पर पड़ोस में रहने युवक ने गोली मार दी। घटना की वजह एकतरफा प्यार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपना गुनाह भी कबूला है।

कोतवाली के मिश्र नेवरी बंधे के पास रहने वाली सिंधू देवी पत्नी सुदामा यादव सुबह घर का कचरा डालने सड़क पर आई थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक ने उन्हें गोली मार दी। बताया जाता है कि ट्यूशन टीचर ने ही गोली मारी है। वह कुछ समय पहले तक सिंधू के दोनों बेटों को ट्यूशन पढ़ाता था। गोली लगने से घायल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। इस मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया है। उससे गोली मारने का कारण पूछा गया तो उसने महिला से एक तरफा प्रेम-प्रसंग की बात बताई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से घटना की जांच कर रही है।

ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज
दुबहर थानाक्षेत्र के शिवपुरी नंबरी दियर निवासी घनश्याम सिंह ने सिंधू पर गोली चला दी। गोली चलते ही आसपास अफरातफरी मच गई। महिला के चिल्लाने पर आरोपी मौके से भागा और आसपास के लोग भी पहुंच गए। लोगों ने पहले पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को लेकर जिला अस्पताल भागे। वहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया और हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

इसलिए आपा खो बैठा घनश्याम
जानकारी के अनुसार आरोपी घनश्याम सिंह पड़ोस में ही किराए के कमरे में रहता है। वह सिंधू यादव के घर पर ट्यूशन पढ़ाने के लिए जाया करता था। सिंधू के पति सुदामा यादव नौकरी करते हैं और कुछ दिन पहले ही घर पहुंचे थे। उन्होंने घनश्याम सिंह के चाल चलन पर शक किया और उसे घर पर आने के लिए मना करके वापस चले गए। महिला ने भी घनश्याम को ट्यूशन पढ़ाने से मना कर दिया। इससे बौखलाए घनश्याम ने शुक्रवार की सुबह सिंधु देवी पर गोली चला दी। निशाना चूकने की वजह से गोली बांह पर लगी, जिससे महिला बच गई है, हालांकि हालत गंभीर है। सीओ सिटी गौरव कुमार ने बताया कि पहली नजर में यह प्रेम प्रसंग का मामला लग रहा है। मौके से एक पिस्टल, एक खोखा बरामद है। पूछताछ की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version