आजम से मिलने जेल पहुंचे अखिलेश, बाहर आकर बीजेपी पर बरसे

सीतापुर। सपा मुखिया अखिलेश यादव शुक्रवार को पूर्व केबिनेट मंत्री आजम खां से मिलने सीतापुर जेल पहुंचे। यहां तकरीबन डेढ़ घंटे तक दोनों की मुलाकात हुई। इसके बाद जेल परिसर से बाहर आए सपा मुखिया ने कहा कि आजम खान के साथ अन्याय हो रहा है। उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। भाजपा झूठे मुकदमों का रिकार्ड बनाने पर तुली है।

वहीं, चुनावी बॉन्ड को लेकर भी अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनावी बॉन्ड पर भाजपा जवाब नहीं देती है। अंत में सच्चाई की जीत होती है। गठबंधन ही बीजेपी को हराएगा। समय बहुत बलवान होता है। जनता वोटिंग के दिन का इंतजार कर रही है। भाजपा लगातार लोकतंत्र को कमजोर कर रही है।‌‌ बीजेपी घबराहट के कारण अब तक 24 सीटों पर प्रत्याशी घोषित नहीं कर पा रही है। पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि हमारा रास्ता तो हर एक के लिए खुला रहता है। बीजेपी के नारे अबकी बार 400 पार के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि अबकी बार बीजेपी हार।

रामपुर सीट पर भी की रायशुमारी
लोकसभा चुनाव से पहले अखिलेश और आजम की इस मुलाकात से सियासी गर्मी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि अखिलेश रामपुर सीट पर प्रत्याशी को लेकर आजम खान की राय जानी। रामपुर सीट पर पहले फेज में चुनाव होना है। यहां 27 मार्च को नॉमिनेशन की आखिरी डेट है। लेकिन अब तक सपा ने यहां प्रत्याशी का ऐलान नहीं किया है।

Exit mobile version