गाजियाबाद : संकल्प साइकिल यात्रा पर लाठीचार्ज, भीड़ ने फेंके पत्थर, कई घायल

गाजियाबाद। राष्ट्रीय प्रजापति महासभा की संकल्प साइकिल यात्रा पुलिस द्वारा रोकने पर बवाल खड़ा हो गया। खुराफाती तत्वों ने पुलिस पर पत्थर फेंके तो बदले में पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। यात्रा हरिद्वार से दिल्ली जंतर-मंतर पर जा रही थी।
इस टकराव के दौरान कई लोगों को चोट लगी है। वहीं पुलिस ने नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई लोगों को हिरासत में ले लिया है।

राष्ट्रीय प्रजापति महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दारा प्रजापति के नेतृत्व में साइकिल यात्रा 27 फरवरी को हरिद्वार से प्रारंभ हुई। ये यात्रा समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए निकाली जा रही है। यात्रा रुड़की, मेरठ, मोदीनगर होते हुए 1 फरवरी की शाम गाजियाबाद में पहुंची। साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया साइट-4 के समीप गाजियाबाद पुलिस ने यात्रा में सबसे आगे चल रहे रथ को रोक दिया।
इस पर यात्रा में शामिल सैकड़ों लोग सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए। यात्रा में शामिल लोगों का आरोप है कि पुलिस ने एकाएक उन पर लाठीचार्ज कर दिया। लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे यात्रा में भगदड़ मच गई और लोग तितर-बितर हो गए। पुलिस ने प्रजापति महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दारा सिंह प्रजापति सहित कइयों को कस्टडी में ले लिया है। एमएमजी सरकारी अस्पताल में एक दर्जन से ज्यादा घायल लोग पहुंचे हुए हैं, जिन्होंने पुलिस लाठीचार्ज में घायल होने की बात कही है। उन्होंने सीधे तौर पर डीसीपी निमिष पाटिल और एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह पर लाठीचार्ज कराने का आरोप लगाया है। इधर, पुलिस का कहना है कि यात्रा में शामिल लोगों ने पुलिस पर पत्थर बरसाए थे, जिसके बाद पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी।

एक दिन पहले भी हुआ था हंगामा
इससे पहले गुरुवार को भी राष्ट्रीय प्रजापति महासभा की ओर से संकल्प साईकिल यात्रा निकाली गई थी। वे हरिद्वार से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे लेकिन पुलिस ने उन्हें दिल्ली मेरठ मार्ग पर मोदीनगर की कादराबाद पुलिस चौकी के सामने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। यात्रा में शामिल लोगों व पुलिस के बीच धक्का मुक्की व नोकझोक भी हुई। दो घंटे से अधिक समय तक चले हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने यात्रा को गाजियाबाद की ओर जाने दिया। हंगामा के चलते दिल्ली मेरठ मार्ग पर जाम लगा रहा।

Exit mobile version